SA20 में एमएस धोनी को खेलते हुए देखना चाहते हैं दक्षिण अफ्रीका के यह शानदार बल्लेबाज
एडन मार्करम की कप्तानी में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने SA20 के पहले सत्र के फाइनल में प्रीटोरिया कैपिटल्स को मात दी और इस बेहतरीन लीग की ट्रॉफी अपने नाम की।
अद्यतन - फरवरी 23, 2023 7:56 अपराह्न

आज यानी 23 फरवरी को इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने दक्षिण अफ्रीका के शानदार बल्लेबाज एडन मार्करम को अपनी टीम का नया कप्तान नियुक्त किया। एडन मार्करम इस बात से काफी खुश हैं। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ने इस बात का खुलासा किया कि वो भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में खेलते हुए देखना चाहते हैं।
बता दें, एडन मार्करम की कप्तानी में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने SA20 के पहले सत्र के फाइनल में प्रीटोरिया कैपिटल्स को मात दी और इस बेहतरीन लीग की ट्रॉफी अपने नाम की। एडन मार्करम की मानें तो एमएस धोनी के पास वो सब कला है जो SA20 जैसे बेहतरीन लीग में एक खिलाड़ी से चाहिए और साथ ही पूर्व भारतीय खिलाड़ी के आने से कई लोकल खिलाड़ियों को काफी चीजों के बारे में पता चलेगा।
वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडन मार्करम ने कहा कि, ‘सच बताऊं तो एमएस धोनी जैसे खिलाड़ी अगर आपके कैंप में है तो आपको उनसे काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उनके पास काफी ज्ञान है और दक्षिण अफ्रीका के हमारे लोकल खिलाड़ियों को भी उनसे काफी फायदा होगा। वैसे तो काफी खिलाड़ी हैं लेकिन मेरे दिमाग में इस समय सिर्फ उनका ही नाम आ रहा है।
IPL में मिली नई जिम्मेदारी को मैं पूरी तरह से उठाने को तैयार हूं: एडन मार्करम
IPL फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 फरवरी को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से इस बात की घोषणा की कि एडन मार्करम को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। हाल ही में उनकी कप्तानी में SA20 लीग में सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने ट्रॉफी जीती थी।
एडन मार्करम ने आगे कहा कि, ‘जब आपको जिम्मेदारी सौंपी जाती है तो आप उसका भरपूर तरीके से लुफ्त उठाते हैं। एक खिलाड़ी के रूप में आप हमेशा चाहते हैं कि जीत आपको ही मिले। आप चाहते हैं कि टीम हमेशा अच्छा प्रदर्शन करें और फैंस भी काफी खुश रहे।’
SA20 लीग में एडन मार्करम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 12 मुकाबलों में 366 रन बनाए थे जिसमें एक शतक भी मौजूद है और साथ ही 11 विकेट भी चटकाए थे। इस समय मार्करम काफी अच्छे फॉर्म में है और तमाम फैंस और फ्रेंचाइजी भी यही दुआ कर रही होगी कि आगामी IPL सत्र में वो शानदार बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी बार यह ट्रॉफी जिताए।