‘आप सोच भी कैसे सकते हैं कि PCB शाहीन अफरीदी को अस्वीकार करेगा?’- शाहिद अफरीदी के दावे को लेकर PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने दिया बड़ा बयान
रमीज राजा ने कहा कि, 'उनके रहने को लेकर या होटल के कमरे से संबंधित कुछ समस्या रही होगी, लेकिन हमने निश्चित रूप से शाहीन अफरीदी को बीच मझदार में नहीं छोड़ा है।'
अद्यतन - Sep 17, 2022 2:02 pm

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा ने पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को करारा जवाब दिया है, जिन्होंने यह दावा किया था कि टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी लंदन में अपने रिहैबिलिटेशन, होटल और खाने का खर्चा खुद अपनी जेब से दे रहे हैं। बता दें, शाहीन अफरीदी इस समय लंदन में अपने घुटने की सर्जरी करवा रहे हैं और वो अब पहले से काफी बेहतर हैं।
शाहिद अफरीदी के इन दावों को खारिज करते हुए रमीज राजा ने कहा कि यह और कुछ नहीं बल्कि एक ‘दुर्भाग्यपूर्ण विवाद’ है। पाकिस्तानी प्रशंसकों के लिए खुशखबरी की बात यह है कि शाहीन अफरीदी को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। घुटने में लगी चोट की वजह से तेज गेंदबाज एशिया कप 2022 में नहीं खेल पाए थे, लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट में वो जबरदस्त प्रदर्शन करने को देखेंगे।
आप यह कैसे सोच सकते हैं कि PCB शाहीन अफरीदी को अस्वीकार कर सकता है: रमीज राजा
PCB के आधिकारिक यूट्यूब चैनल में रमीज राजा ने एक प्रशंसक के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि, ‘आप यह सोच भी कैसे सकते हैं कि शाहीन अफरीदी को PCB अस्वीकार करेगा? ये मेरी समझ के बाहर है। ये और कुछ नहीं बल्कि एक ‘दुर्भाग्यपूर्ण विवाद’ है। जब पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में मोहम्मद रिजवान की तबीयत खराब हो गई थी तब हमारे डॉक्टरों के पैनल ने पूरी जान लगाकर यह सुनिश्चित किया था वो फाइनल में खेले। हमारे लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हमारे खिलाड़ी हैं और हम उनके लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।’
रमीज राजा ने आगे कहा कि, ‘उनके रहने को लेकर या होटल के कमरे से संबंधित कुछ समस्या रही होगी, लेकिन हमने निश्चित रूप से शाहीन अफरीदी को बीच मझदार में नहीं छोड़ा है।’
एशिया कप 2022 में पाकिस्तान टीम को शाहीन अफरीदी की काफी कमी खली। भले ही टीम ने फाइनल में अपनी जगह बनाई हो लेकिन उनका प्रदर्शन इस मुकाबले में काफी निराशाजनक रहा। श्रीलंका ने इस फाइनल मुकाबले को 23 रनों से जीता।