रावलपिंडी टेस्ट में इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत ने भारत की WTC 2023 फाइनल में जाने की संभावनाओं को बढ़ाया! जानिए कैसे
पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज जारी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 चक्र का हिस्सा है।
अद्यतन - दिसम्बर 6, 2022 6:40 अपराह्न

इंग्लैंड ने 5 दिसंबर को पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में पहले टेस्ट मैच में 74 रनों की ऐतिहासिक जीत हासिल की। इस जीत के साथ बेन स्टोक्स की अगुआई वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान से 1-0 से आगे चल रही है।
आपको बता दें, यह पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज जारी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 चक्र का हिस्सा है, और रावलपिंडी टेस्ट में मेहमान टीम की जीत ने बाबर आजम और उनकी टीम की WTC के फाइनल में जाने की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया है।
इस हार से पाकिस्तान की WTC 2021-23 के फाइनल में जाने की संभावनाओं को करारा झटका लगा है, लेकिन दिलचस्प बात तो ये है कि इंग्लैंड की जीत से उनके कट्टर-प्रतिद्वंदियों भारत को फायदा हुआ है, क्योंकि रावलपिंडी टेस्ट मैच के परिणाम ने टीम इंडिया की फाइनल में जगह बनाने की संभावनाओं को बढ़ा दिया है।
रावलपिंडी टेस्ट में हार से पाकिस्तान की WTC के फाइनल में जाने की संभावनाओं को लगा बड़ा झटका
पाकिस्तान इस समय WTC की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है, और उनके पास इंग्लैंड को रावलपिंडी टेस्ट में मात देकर अपनी स्थिति को मजबूत करने का मौका था, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। हालांकि, बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम अभी WTC 2021-23 के फाइनल में जाने की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन उनकी संभावनाओं को करारा झटका लगा है, क्योंकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के आगामी टेस्ट मैचों के परिणाम उनकी संभावनाओं को और कम कर देंगे।
लेकिन अब पाकिस्तान टीम इंग्लैंड के खिलाफ शेष दो टेस्ट मैचों और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अधिक से अधिक अंक बटोरने की कोशिश करेगी। आपको बता दें, अगर टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दोनों मैच जीत जाती है, तो वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज (बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी) में एक मैच गंवाने का जोखिम उठा सकती है।
वहीं दूसरी ओर, WTC की अंकतालिका में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलिया वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले ही जारी घरेलू टेस्ट सीरीज का एक मैच जीत चूका है, और अब दूसरा मैच जीतकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगा। इसके अलावा, अगर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दो जीत दर्ज कर लेती है, तो वे WTC 2023 के फाइनल में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच जाएंगे।