रावलपिंडी टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान की करारी हार के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने लिए रमीज राजा के मजे
पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मुल्तान में 9 दिसंबर से खेला जाएगा।
अद्यतन - दिसम्बर 5, 2022 6:45 अपराह्न

आइसलैंड क्रिकेट ने रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच में मेजबान टीम की 74 रनों की हार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा पर तंज कसा है।
दरअसल, जीत के लिए 343 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम रावलपिंडी टेस्ट के पांचवे दिन 268 रनों पर ढेर हो गई, नतीजन इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान में टेस्ट क्रिकेट में अपनी केवल तीसरी जीत दर्ज की। इस बीच, आइसलैंड क्रिकेट ने रमीज राजा और पाकिस्तान क्रिकेट को ट्रोल करते हुए कहा इस हार के बाद पूरे पाकिस्तान खेमें को बहुत बुरा लगना चाहिए, खासकर रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम की पिच को लेकर पीसीबी के अध्यक्ष के बयान के बाद।
आइसलैंड क्रिकेट ने लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम और रमीज राजा के मजे
आपको बता दें, आइसलैंड क्रिकेट ने मजेदार अंदाज में रावलपिंडी टेस्ट मैच में पाकिस्तान की स्थिति की तुलना साल 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट से करते हुए कहा कि कैसे सभी ने मान लिया कि वे साल 2007 में आर्थिक रूप से स्थिर थे जबकि मंदी ने अगले वर्ष सब कुछ बदल कर रख दिया था।
आइसलैंड क्रिकेट ने ट्विटर का सहारा लेकर पाकिस्तान और पीसीबी के अध्यक्ष को ट्रोल करते हुए लिखा: “यदि पाकिस्तान यह टेस्ट मैच हार जाता है, तो यह बेहद खराब लगेगा, खासकर पाकिस्तान बिरादरी को, क्योंकि रमीज राजा ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए बेहद आसान थी। यह कुछ वैसा ही है जैसा हमने सोचा था कि साल 2007 में हमारे बैंक कितने समृद्ध थे, और फिर साल 2008 में जो हुआ, वो सभी को पता है।”
If Pakistan lose this Test, it won't look very good after @iramizraja said the pitch was "an embarrassment" due to how easy it was to bat on. It's a bit like how prosperous we thought our banks were in 2007, then 2008 happened.
— Iceland Cricket (@icelandcricket) December 4, 2022
आपको बता दें, इंग्लैंड ने रावलपिंडी टेस्ट मैच की अंतिम पारी में 343 रन का बचाव करते हुए पांचवे दिन का खेल खत्म होने में 15 मिनट से भी कम समय रहते ही पाकिस्तान को 268 रन पर रोक दिया। ओली रॉबिन्सन और जेम्स एंडरसन ने पाकिस्तान की दूसरी पारी में चार-चार विकेट लेकर इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पाकिस्तान में अपनी केवल तीसरी जीत दर्ज करने में मदद की। अब इस टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मुल्तान में 9 दिसंबर से खेला जाएगा।