बुमराह को नंबर एक गेंदबाज कहे जाने पर आग बबूला हुए सलमान बट, कहा- शाहीन अफरीदी नहीं है किसी से कम
बुमराह ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में जबरदस्त गेंदबाजी की थी।
अद्यतन - Jul 14, 2022 11:47 am

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में, जसप्रीत बुमराह ने गेंद के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मैच में 7.2 ओवर में 19 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए और भारत के जीत में एक अहम भूमिका अदा की। इस मैच के बाद तेज गेंदबाज बुमराह ने हाल ही में ICC ODI रैंकिंग में शीर्ष स्थान भी हासिल किया।
नासिर हुसैन और सचिन तेंदुलकर सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने बुमराह को इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑल-फॉर्मेट गेंदबाज के रूप में नामित किया है। हालिया टेस्ट मैच, T20I सीरीज और अब ODI सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन को देखने के बाद हर कोई उन्हें इस वक्त दुनिया का नंबर एक गेंदबाज बता रहा है। लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट का मानना है कि शाहीन शाह अफरीदी बुमराह के बराबर हैं।
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सलमान बट ने कहा कि, “शाहीन ने अभी तक ज्यादा मैच नहीं खेले हैं लेकिन वो बेस्ट गेंदबाजों में से एक हैं। वो बुमराह से कम नहीं हैं। अनुभव के साथ वो और भी बेहतर होते जाएंगे। उनके पास ज्यादा पेस है और वो एक अलग एंगल से गेंदबाजी करते हैं।
बुमराह और शाहीन दोनों को गेंदबाजी करते हुए देखकर काफी अच्छा लगता है। जिस तरह से ये दोनों गेंदबाज नई गेंद के साथ गेंदबाजी करते हैं ऐसा लगता है कि विकेट कभी भी गिर सकता है। किसी दूसरे गेंदबाज को देखकर कभी भी ऐसा महसूस नहीं होता है।
बुमराह और शाहीन की तुलना करना गलत- सलमान बट
शाहीन अफरीदी का अपने छोटे से करियर में काफी प्रभावशाली रहे हैं। पिछले साल खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। इस बीच बट का ये भी मानना है कि दोनों ने जितने मैच खेले हैं, उसे देखते हुए दोनों के बीच कोई तुलना नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि, “फिर भी, एक 21 वर्षीय गेंदबाज के लिए उस तरह से प्रदर्शन करना आसान नहीं है, जैसा उन्होंने किया है। जाहिर है, बुमराह ने बहुत अधिक खेला है और शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए इस समय कोई तुलना नहीं होनी चाहिए। एक ने बहुत मैच खेले हैं, जबकि दूसरे ने उतने मैच नहीं खेले हैं।