‘हम भी एक ऐसे ही खिलाड़ी के साथ खेलते थे’- कोहली का हाल देख सहवाग को आई सचिन तेंदुलकर की याद
सहवाग ने कहा कि, 'सचिन तेंदुलकर भी हर 3-4 पारियों में रन बनाते थे, विराट कोहली के साथ भी ऐसा ही है।'
अद्यतन - जुलाई 15, 2022 12:21 अपराह्न

इंग्लैंड और भारत के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स के मैदान पर खेला गया। मैच शुरू होने से पहले सभी फैंस के मन में एक ही सवाल था कि, क्या विराट कोहली इस मैच में खेलेंगे या नहीं? जब कप्तान रोहित शर्मा टॉस के लिए आए और उन्होंने कहा कि विराट ये मैच खेल रहे हैं तब फैंस के खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आपको बता दें कि, पूर्व कप्तान कोहली कमर में मामूली खिंचाव के कारण पहला मैच नहीं खेल पाए थे। इसके बाद दूसरे मैच के लिए भी उनकी उपलब्धता पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन स्टार बल्लेबाज को दूसरे मैच से पहले नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए देखा गया। इस दौरान उन्होंने कुछ शॉट खेले और फिर कोच राहुल द्रविड़ की ओर इशारा करते हुए कहा है कि वो तैयार है।
वीरेंद्र सहवाग ने विराट कोहली को लेकर कही कुछ अहम बातें
इस बीच विराट कोहली के वापसी पर बात करते हुए भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने उनके प्रदर्शन को लेकर बढ़ चुकी उम्मीदों और उनसे जुड़ी बातों को समझाने के लिए सचिन तेंदुलकर का उदाहरण सबके सामने रखा।
वीरेंद्र सहवाग ने सोनी स्पोर्ट्स के हवाले से कहा कि, ”मुझे लगता है कि सभी लोग उनके शतक का इंतजार कर रहे हैं, जोकि काफी लंबे समय से नहीं आया है। अगर आप उनके पिछले रिकॉर्ड को देखेंगे तो वह हर 3-4 मैच में शतक लगाते थे और ऐसा हुए काफी समय बीत गया है। यही वजह है कि इस बारे में काफी बातें हो रही हैं।
हम भी एक ऐसे खिलाड़ी के साथ खेला करते थे जिनका नाम सचिन तेंदुलकर है। अगर वह 3-4 पारियों में रन नहीं बनाते थे, तो उनके बारे में भी ऐसी ही बातें होती थी, जो उस हद तक पहुंच जाती थी कि जैसे उन्होंने कितने लंबे समय से बड़ा स्कोर नहीं बनाया हो। वह भी 3-4 पारियों में शतक बना देते थे। ऐसा ही कुछ विराट कोहली के साथ हुआ है।”