विराट कोहली को लेकर इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज स्पिनर ने दिया चौंकाने वाला बयान
एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में विराट ने बनाए थे 11 रन।
अद्यतन - Jul 2, 2022 4:40 pm

इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर ग्रीम स्वान का मानना है कि एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मुकाबले के पहले दिन जिस तरह से विराट कोहली आउट हुए थे उसके लिए उन्हें दोषी नहीं ठहराया जा सकता है।
बता दें, विराट ने पहली पारी में इंग्लैंड के खिलाफ 19 गेंदों में 11 रन बनाए थे जिसमें उन्होंने 2 चौके जड़े थे। हालांकि बारिश की वजह से इस मुकाबले को कई बार रोका गया था। इस बीच कई लोगो का मानना था कि बारिश की वजह से विराट अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे थे और इसी के चलते वो अपना विकेट गंवा बैठे थे। उनका विकेट मैथ्यू पॉट्स ने लिया था।
विराट कोहली को लेकर ग्रीम स्वान ने दिया बड़ा बयान
स्वान ने विराट कोहली के लिए कहा कि, ‘जिस गेंद पर कोहली आउट हुए थे अगर उसको हटा दिया जाए तो उन्होंने जितनी भी गेंदें खेली उसमें उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। उनका फुटवर्क काफी कमाल का था। मैं बस यही कहना चाहूंगा कि वो इस पारी में काफी दुर्भाग्यशाली रहे थे। ग्रीम स्वान ने कहा कि वो चाहे फॉर्म में हो या ना हो हमेशा रन बनाने को देखते हैं। जिस तरह से वो आउट हुए थे उनको खुद पर भरोसा ही नहीं हो रहा था।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘विराट कोहली अभी भी रनों के लिए काफी भूखे हैं। वो जब आउट हुए तब अपने आप से काफी नाराज थे। उनको उम्मीद थी कि आज वो बड़ा स्कोर बना सकते हैं, लेकिन जैसे ही वो आउट हुए चुपचाप पवेलियन लौट गए थे।’
इसके साथ ही स्वान ने कहा कि, जिस तरीके से पंत और जडेजा ने बल्लेबाजी की है विराट कोहली भी दूसरी पारी में एक बार फिर से बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे।’ बता दें, ऋषभ पंत ने पहली पारी में 111 गेंदों में 146 रन बनाए थे जिसकी वजह से भारत पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट खोकर 338 रन बनाने में कामयाब रहा।