‘पापा 10 दिन से ICU में थे’- LSG के लिए मैच विनिंग गेंदबाजी करने के बाद इमोशनल हुए मोहसिन खान
मोहसिन खान ने कहा कि, मैंने आज अपने पिता के लिए खेला।
अद्यतन - मई 17, 2023 11:32 पूर्वाह्न

आईपीएल 2023 के 63 वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 5 रनों से मात दी। दोनों टीमों के बीच खेला गया यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। बता दें टॉस जीतकर रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 177 रन बनाए।
वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने शुरुआत जरूर बहुत अच्छी की लेकिन रोहित शर्मा के आउट होते ही यह टीम लड़खड़ाती हुई नजर आई। बता दें इस टीम की ओर से ईशान किशन, रोहित शर्मा और टिम डेविड के अलावा किसी ने भी अच्छी बल्लेबाजी नहीं की।
वहीं लखनऊ की जीत में सबसे बड़ी भूमिका तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने निभाई। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में उन्होंने कहा कि, एक साल बाद खेल रहा हूं। मैं चोटिल था और मेरे लिए बहुत कठिन समय था। मैं खुश हूं कि मैंने गेंदबाजी की। मेरे पिता पिछले 10 दिनों से हॉस्पिटल में थे और वह कल ही ICU से बाहर आए हैं।
मैंने आज अपने पिता के लिए खेला- मोहसिन खान
मोहसिन खान ने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मैं उम्मीद कर रहा हूं कि वह देख रहे होंगे। मैंने आज अपने पिता के लिए खेला। मैं टीम और स्टाफ का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे पर भरोसा जताया। बता दें अंतिम ओवर में मुंबई को जीत के लिए 11 रन की जरूरत थी। क्रीज पर कैमरून ग्रीन और टिम डेविड मौजूद थे। लेकिन आखिरी ओवर में गेंदबाजी करने आएं मोहसिन खान के आगे ये दोनों ही बल्लेबाज रन बनाने के लिए परेशान नजर आएं।
वहीं लखनऊ की इस जीत के साथ उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि मुंबई इंडियंस इस मैच को हारने के बाद भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। लेकिन इस मैच के बाद पॉइंट्स टेबल में बदलाव नजर आए हैं। बता दें अंक तालिका में मुंबई की टीम अब चौथे स्थान पर आ गई है और लखनऊ तीसरे स्थान पर है।