मेरे हिसाब से ऋषभ पंत को टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करनी चाहिए: वसीम जाफर
4 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए सुपर 4 मैच में भी ऋषभ पंत 12 गेंदों में 14 रन बनाकर शादाब खान की गेंद पर आउट हो गए।
अद्यतन - Sep 5, 2022 5:10 pm

भले ही ऋषभ पंत ने टेस्ट, वनडे और IPL में बेहतरीन प्रदर्शन किया हो लेकिन टी-20 क्रिकेट में इस समय वो काफी खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। 4 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए सुपर 4 मैच में भी वो 12 गेंदों में 14 रन बनाकर शादाब खान की गेंद पर आउट हो गए। ऋषभ पंत के विकेट की सबसे खराब बात यह थी कि जिस समय टीम उनसे एक लंबी पारी की उम्मीद कर रही थी तब उन्होंने गैर जिम्मेदाराना शॉट खेला और अपना विकेट गंवाया।
यहां तक कि कप्तान रोहित शर्मा ने भी उनकी जमकर क्लास लगाई। सोशल मीडिया पर तमाम प्रशंसकों ने भी उनको लेकर कई बयान दिए। आपको बता दें, भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज मुकाबले में ऋषभ पंत की जगह दिनेश कार्तिक को प्लेइंग XI में शामिल किया गया था, लेकिन कार्तिक को मात्र एक गेंद खेलने को मिली जिसमें उन्होंने 1 रन लेकर हार्दिक पांड्या को स्ट्राइक दी।
इसके बाद पांड्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को उस मुकाबले में जीत दिलाई। अब जब ऋषभ पंत का फॉर्म काफी खराब चल रहा है तब यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि दिनेश कार्तिक उनकी जगह क्यों नहीं प्लेइंग XI में चुने जा रहे हैं।
मैं ऋषभ पंत को टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में देखना चाहता हूं: वसीम जाफर
भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर वसीम जाफर का मानना है कि टी-20 क्रिकेट में ऋषभ पंत को नंबर पांच की जगह टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करवानी चाहिए। उनके मुताबिक ऋषभ पावरप्ले का बेहतरीन तरह से उपयोग कर सकते हैं और विरोधी टीम पर शुरुआती 6 ओवरों में ही दबाव डाल सकते हैं।
वसीम जाफर ने क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में कहा कि, ‘टीम इंडिया को अब यह सोचना बेहद जरूरी है कि क्या पंत को नंबर पांच पर खिलाना चाहिए या नहीं। मैं ऋषभ पंत को टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में देखना चाहता हूं। मुझे लगता है कि टी-20 प्रारूप में उनको ऊपर खिलाना चाहिए।
वो टेस्ट और वनडे में तो शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करना शुरू कर देते हैं और उन्हें टी-20 में तभी मौका मिलेगा जब वह पावरप्ले में बल्लेबाजी करने आएंगे। उन्हें बस इसकी आदत लगनी जरूरी है उसके बाद आप उन्हें शुरुआती 6 ओवरों में बड़ा स्कोर बनाते हुए देखेंगे।
जब वो नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने आते हैं तब फील्ड पूरी खुली रहती है, शुरुआत में ही आकर छक्के जड़ना आसान बात नहीं है, इसलिए मैं टी-20 में उनको नंबर 5 पर खेलते हुए नहीं देखता हूं।
मोहम्मद रिजवान और मोहम्मद नवाज ने भारत के हाथों छीनी जीत
मुकाबले के बाद रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, वो 181 रन के स्कोर से काफी खुश थे लेकिन पाकिस्तान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए उसको हासिल कर लिया। बाबर आजम और फखर जमान का विकेट जल्द गिरने के बाद मोहम्मद रिजवान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 71 रन बनाए। उनका भरपूर साथ दिया मोहम्मद नवाज ने जिन्होंने 20 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 42 रन की आक्रामक पारी खेली।
इन दोनों ने मिलकर पाकिस्तान को जीत की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया। आसिफ अली ने आखिरी में उतरकर 8 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 16 रन बनाए। पाक टीम की ओर से विजयी रन इफ्तिखार अहमद ने बनाए।