क्या ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा के साथ नाइंसाफी की है? WTC फाइनल के बाद स्टार क्रिकेटर ने कही चौंकाने वाली बात
उस्मान ख्वाजा ने साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।
अद्यतन - जून 12, 2023 1:18 अपराह्न

पाकिस्तानी मूल के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा उन खिलाड़ियों में से एक है, जिनके क्रिकेट में योगदान को न तो नजरअंदाज किया जा सकता है, और ना ही उन्हें उतनी लाइमलाइट मिली, जिनके वे हकदार हैं।
आपको बता दें, उस्मान ख्वाजा ने साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, और तब से उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए कुल 61 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमे उन्होंने 46 के औसत से 4508 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं, और ऑस्ट्रेलिया की कई यादगार सफलताओं में अहम भूमिका निभाई, जिसमें एशेज भी शामिल हैं।
उस्मान ख्वाजा अपने टेस्ट करियर में मिले मौकों से खुश हैं
हालांकि, बाएं-हाथ का यह बल्लेबाज अपने करियर के दौरान अधिकतर समय घुटने की चोट से परेशान रहा है, जिसके बावजूद उन्होंने काफी लंबी यात्रा तय कर ली है। ख्वाजा ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के साथ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) जीती है।
हालांकि, अनुभवी बल्लेबाज WTC 2023 फाइनल में भारत के खिलाफ केवल 0 और 13 रन ही बना पाए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 209 रनों से मैच जीतने में कामयाब रही। कंगारुओं की खिताबी जीत के बाद उस्मान ख्वाजा ने कहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया टीम द्वारा सबसे अधिक ड्रॉप किए गए खिलाड़ी हैं।
उस्मान ख्वाजा ने द गार्जियन के हवाले से कहा: “मैं कहना चाहता हूं कि मैं सबसे अधिक ड्रॉप किए गए खिलाड़ियों में से एक हूं। लेकिन मुझे अभी भी लगता है कि मैं ऑस्ट्रेलिया के टॉप-6 बल्लेबाजों में से एक हूं। यह मेरे लिए ठीक है, मैंने 61 टेस्ट मैच खेले है, और इतने मैच तो कई लोगों को खेलने भी नहीं मिलते हैं, तो मेरे लिए ये कूल हैं।”
आपको बता दें, उस्मान ख्वाजा अब 16 जून से शुरू हो रहे एशेज 2023 में इग्लैंड के खिलाफ एक्शन में नजर आएंगे, क्योंकि उन्हें पहले दो मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड में चुना गया है।