मैंने अपनी पहली कमाई से चॉकलेट खरीदी थी- मयंक अग्रवाल का हैरान करने वाला खुलासा
पिछले कुछ समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं मयंक अग्रवाल।
अद्यतन - Nov 9, 2023 4:10 pm

आकाश चोपड़ा द्वारा होस्ट किए जाने वाले JioCinema के डेली शो ‘#AAKASHVANI’ पर बातचीत में, भारत के क्रिकेटर मयंक अग्रवाल ने एक युवा उभरते क्रिकेटर के रूप में अपनी शुरुआत, अपने आदर्श और अन्य यादगार पलों को लेकर बात की। उन्होंने इस इंटरव्यू के दौरान कुछ मजेदार सवालों के जवाब दिए।
मयंक अग्रवाल ने दिए कुछ मजेदार सवालों के जवाब
1) क्या आपको अपना पहला ऑटोग्राफ लेना याद है?
मुझे ऑटोग्राफ लेने की बात याद नहीं है, लेकिन सौभाग्य से, मेरे पिता एक बार प्लेन में यात्रा कर रहे थे जहां वेंकटेश प्रसाद, सुनील जोशी, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और जवागल श्रीनाथ थे। वहां मेरे पापा ने एक पेपर नैपकिन पर उन पांच लोगों के ऑटोग्राफ लिए, इसे फ्रेम किया और मुझे दे दिया। मैं उस समय सात या आठ साल का था।
2) क्या आपको वह पहला क्रिकेट मैच याद है जिसे आपने स्टेडियम में लाइव देखा था?
स्टेडियम में मैंने पहला लाइव मैच बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच आईपीएल 2008 में देखा था।
3) आपका क्रिकेटिंग आयडल कौन है?
मैंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन (तेंदुलकर) पाजी को बल्लेबाजी करते हुए देखकर खेल खेलना शुरू किया, लेकिन मेरी बल्लेबाजी के आदर्श वीरेंद्र सहवाग होंगे। जब मैं पंजाब किंग्स के लिए खेला तो मुझे उनके साथ काम करने का अद्भुत मौका मिला।
4) आपका नॉन क्रिकेटिंग हीरो कौन है?
मैं कहूंगा कि वो रोजर फेडरर हैं। लेकिन मैं जोकोविच के खेलने के तरीके की भी सराहना करता हूं। जिस तरह से वह प्रतिस्पर्धा करता है उसे देखना आश्चर्यजनक है।
5) आपके पहले क्रिकेट कोच कौन थे?
मेरे स्कूल के कोच, श्री रामदास। हालांकि, मैं पिछले आठ वर्षों से आरएक्स मुरलीधर सर के साथ काम कर रहा हूं। हमारा रिश्ता सिर्फ एक कोच और स्टूडेंट का नहीं है।’ यह उससे कहीं आगे है।
6) आपकी पहली क्रिकेट जर्सी कौन सी थी?
यह आरसीबी की आईपीएल जर्सी थी। इसके अलावा, मेरी अंडर-13 जर्सी जिसे पहनकर मैंने कर्नाटक के लिए खेला था।
7) क्रिकेट से कमाए गए पैसे से आपका पहला खर्च क्या था?
अंडर-13 कर्नाटक टीम के लिए खेलते समय हमें प्रतिदिन 150 रुपये मिलते थे। मैंने उससे चॉकलेट खरीदी थी।
8) क्या आपको अपना पहला इंटरव्यू याद है?
यह मेरी स्कूल टीम के लिए गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए था। यह एक अखबार में छपा।