तीसरे वनडे मैच से पहले काफी टेंशन में हैं शुभमन गिल! - क्रिकट्रैकर हिंदी

तीसरे वनडे मैच से पहले काफी टेंशन में हैं शुभमन गिल!

शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दो एकदिवसीय मैचों में 64 और 43 रनों की पारी खेली है।

Shubman Gill in first ODI against West Indies (Photo Source: Fancode)
Shubman Gill in first ODI against West Indies (Photo Source: Fancode)

भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज गिल पावरप्ले में आक्रामक शॉट खेलकर रहे हैं। 22 वर्षीय शुभमन गिल पिछले एक साल से वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, और अब उन्हें आख़िरकार वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में मौका मिला है। इसको लेकर गिल ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

गिल ने पहले एकदिवसीय मैच में 64 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी और उसी बदौलत भारत पहले वनडे में बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रहा था। दूसरे एकदिवसीय मैच में भी उन्होंने तेज गति से 43 रन बनाए थे और वह दोनों पारियों में प्रभावशाली दिखे, हालांकि वह अभी तक एक भी शतक नहीं बना पाए हैं। लेकिन जाहिर तौर पर वो दोनों पारियों में अच्छी शुरुआत के बाद अपना विकेट गंवाने से बेहद निराश थे।

गिल ने बताया कि अच्छी शुरुआत के बावजूद शतक नहीं बनाने के बाद वह खुद से निराश थे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वो अंतिम एकदिवसीय मैच में बड़ा स्कोर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस किया। गिल ने कहा कि शिखर धवन जैसे अनुभवी बल्लेबाज के साथ शुरुआत करने से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है।

तीसरे वनडे मैच में बड़ी पारी खेलने की उम्मीद कर रहे हैं शुभमन गिल

तीसरे वनडे मैच से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए गिल ने कहा कि, “अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद अपना विकेट गंवाने से मैं निराश था। मैं इस बात से दुखी था कि मैं उन पारियों को शतक में नहीं तब्दील कर पाया।”

गिल ने आगे कहा कि, “वेस्टइंडीज एक अच्छी टीम है, और हमने दो अच्छे स्कोर बनाए, एक पहले बल्लेबाजी करते हुए और दूसरा पीछा करते हुए। उम्मीद है कि मैं तीसरे मैच में बड़ा स्कोर बनाऊंगा। मुझे जिस तरह की शुरुआत मिल रही है, मैं उसे बड़ी पारियों में बदलने का लक्ष्य रखूंगा।”

वहीं वनडे क्रिकेट में ओपन करने को लेकर गिल ने कहा कि, “ओपनिंग करने से मुझे काफी कॉन्फिडेंस मिला है। भारत के लिए विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना अच्छा लगता है। मेरे लिए उस भरोसे को चुकाना महत्वपूर्ण था, और मुझे टीम के लिए योगदान देने में खुशी हुई। शिखर के साथ ओपनिंग करना शानदार रहा है। उसके पास बहुत अनुभव है, वह पूरी दुनिया में खेल चुके हैं और मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।”

close whatsapp