नाथन लियोन ने इंग्लैंड के बैजबॉल का उड़ाया मजाक, कहा- मुझे तो दो एशेज टेस्ट में….
नाथन लियोन ने कहा कि, मैं जानता हूं कि हर कोई इन दिनों बैजबॉल के बारे में बात करता रहता है, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो, मैंने वास्तव में उनके खिलाफ अपने दो टेस्ट मैचों में बैजबॉल नहीं देखा है।
अद्यतन - अगस्त 5, 2023 3:53 अपराह्न

इन दिनों बैजबॉल क्रिकेट मेथड काफी सुर्खियों में छाया हुआ है। हाल ही में खेले गए एशेज सीरीज में भी इंग्लिश टीम ने इस मेथड को अपनाया और रन बनाए। हालांकि इस बीच ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज नाथन लियोन ने बैजबॉल को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उन्होंने इसका मजाक उड़ाते हुए कहा कि मुझे तो एशेज के दो टेस्ट मैच में ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला।
दरअसल एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन चोट लगने के बाद नाथन लियोन को एशेज से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने सीरीज में कुल नौ विकेट लिए। वहीं इस बीच बैजबॉल क्रिकेट को लेकर बातचीत करते हुए नाथन लियोन ने कहा कि, मैं जानता हूं कि हर कोई इन दिनों बैजबॉल के बारे में बात करता रहता है, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो, मैंने वास्तव में उनके खिलाफ दो टेस्ट मैचों में बैजबॉल नहीं देखा है।
लियोन ने कहा कि, मैं बैजबॉल के खिलाफ अपने टेस्ट में 2-0 से आगे हूं। मैं ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम और हमारे बल्लेबाजों को देखता हूं। उदाहरण के लिए डेविड वार्नर को देखें, मैंने उन्हें एक सीजन में शतक बनाते देखा है और यह एक अटैकिंग ब्रांड ऑफ क्रिकेट है।
अगर मैं ईमानदारी के साथ कहूं तो यह एक भ्रम है- नाथन लियोन
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, अगर मैं ईमानदारी के साथ कहूं तो यह एक भ्रम है। दरअसल मुझे ऐसा लगता है कि अगर आप आक्रामक क्रिकेट खेलने जा रहे हैं, तो आपको गेम के मोमेंट को समझना होगा। बता दें चोट से उबर रहे नाथन लियोन का कहना है कि उनका लक्ष्य 2027 एशेज खेलने के लिए इंग्लैंड वापस आना है। उन्होंने कहा कि, मैं आपको एक बात बताता हूं, मैं निश्चित रूप से एशेज में वापस जाने के बारे में मजाक नहीं कर रहा हूं।
नाथन लियोन ने कहा कि, दरअसल मुझे ऐसा लगता है कि इस चोट के बाद, घर आकर और बाकी खिलाड़ियों को तीन टेस्ट मैच खेलते हुए देखकर मुझे वास्तव में इंग्लैंड वापस जाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया कि मैं फिर से क्रिकेट खेलूं। शायद खेल के प्रति मेरी भूख एक अलग और नए लेवल पर चली गई है। मेरी नजर में अभी भी मेरे अंदर बहुत सारा क्रिकेट बाकी है और बहुत कुछ करना भी अभी बाकी है।
यहां पढ़ें: अय्यर-राहुल के फिट नहीं होने पर भारत की बल्लेबाजी क्रम में होगी फेरबदल!, कोहली छोड़ सकते हैं नंबर-3 का स्थान