‘मैं नहीं चाहती कि यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप हो’ T20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद बोलीं नट सीवर ब्रंट
महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - जुलाई 6, 2026 1:26 अपराह्न

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली 7 विकेट से करारी शिकस्त के बावजूद, इंग्लैंड की कप्तान नट सीवर ब्रंट (Nat Sciver-Brunt) ने आगे क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई है। ब्रंट नहीं चाहती हैं कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप साबित हो। बता दें कि 5 जुलाई को महिला टी20 वर्ल्ड कप के 10वें सीजन का फाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच, लंदन के ऐतिहासिक लाॅर्ड्स मैदान पर खेला गया।
इस मुकाबले में टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 151 रनों का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए रखा, जिसे कंगारूओं ने बल्लेबाजों के कमाल के प्रदर्शन के चलते 7 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया, और 7वीं बार महिला टी20 वर्ल्ड कप ट्राॅफी को अपने नाम किया। हालांकि, इस हार के बाद भी इंग्लैंड की दिग्गज ऑलराउंडर ने भविष्य में टीम के लिए खेलने की इच्छा जाहिर की है।
नट सीवर ब्रंट की प्रतिक्रिया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद, नट सीवर ब्रंट ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से कहा- “मैं नहीं चाहती कि यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप हो। मुझे तो यह भी नहीं पता कि अगला वर्ल्ड कप कब है, इसलिए मैंने इस बारे में अभी तक कुछ सोचा भी नहीं है। जाहिर है, परिवार ही सब कुछ है। परिवार, टीम और सपोर्टर्स से जो सपोर्ट मिलता है, वह बहुत मायने रखता है। शायद इसीलिए भावनाएं इतनी ज़्यादा हैं।”
ब्रंट ने आगे कहा- “वर्ल्ड कप के दौरान चोट से उबरने की कोशिश करना आसान नहीं था। मैं हमेशा टीम के साथ पॉजिटिव रहने की कोशिश करती रही और यह जाहिर नहीं होने दिया कि मैं कैसा महसूस कर रही हूँ। उन मैचों को मिस करना बहुत मुश्किल था। मैंने बस वापसी करते समय टीम के काम में कोई रुकावट न आए, इसके लिए हर संभव कोशिश की। उस सेमीफाइनल में वापसी करके और वैसा ही प्रदर्शन दोहराकर मुझे खुद भी हैरानी हुई। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मैं ऐसा कर पाई।”