पाकिस्तान पहुंचते ही पैट कमिंस ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिया बड़ा बयान
इससे पहले 1998 में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान का दौरा किया था
अद्यतन - फरवरी 28, 2022 6:48 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने पाकिस्तान पहुंचने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए पीसीबी की जमकर तारीफ की और बोर्ड को टीम को सुरक्षित महसूस कराने का श्रेय दिया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि मौजूदा टीम को देश में खेलने का सौभाग्य प्राप्त है, जो पिछली पीढ़ी के पास नहीं था। पैट कमिंस की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम रविवार को पाकिस्तान पहुंची।
पाकिस्तान की सुरक्षा को लेकर पैट कमिंस ने दिया बड़ा बयान
कथित तौर पर, सुरक्षा कारणों से मीडिया को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के आगमन को कवर करने की अनुमति नहीं थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 24 साल में अपने पहले पाकिस्तान दौरे के लिए एक मजबूत टीम का ऐलान किया है। इस बीच कमिंस ने खुलासा किया कि कड़ी सुरक्षा के बीच मेजबान ने उन्हें सीधे टीम होटल में पहुंचाया, जिससे वो ‘अविश्वसनीय रूप से सुरक्षित’ महसूस कर रहे थे।
28 वर्षीय कमिंस को लगता है कि वहां पर सभी व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं, जिससे टीम क्रिकेट पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएगी। पर्थ नाउ के हवाले से कमिंस ने कहा कि, “मैं अविश्वसनीय रूप से सुरक्षित महसूस कर रहा हूं, और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा वास्तव में हमारी अच्छी देखभाल की गई है। यहां पहुंचने पर सुरक्षा के काफी इंतजाम किए गए हैं। हम सीधे विमान से उतरे और सीधे होटल पहुंचे।”
उन्होंने आगे कहा कि, “यहां पहुंचने से पहले जिन कारकों पर हम वास्तव में पूरी तरह से ध्यान देना चाहते थे, उनमें से एक न केवल सुरक्षा बल्कि बायो बबल भी थी। सभी ने शानदार काम किया है, इसलिए हम केवल क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं और वास्तव में 24 वर्षों के बाद यहां अपने पहले दौरे का आनंद ले सकते हैं।”
ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को उनके आने के बाद 24 घंटे के लिए क्वारंटाइन करना होगा। हालांकि, वो सोमवार को अपना ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं, अगर उनकी टीम के सभी सदस्य का कोविड टेस्ट निगेटिव आता है तो। सीरीज का पहला टेस्ट मैच 4 मार्च से खेला जाएगा।