बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले से पहले आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी
मुझे लगता है कि दोनों पारियों को मिलाकर विराट कोहली और ऋषभ पंत कम से कम 125 रन पहले टेस्ट में जरूर बनाएंगे: आकाश चोपड़ा
अद्यतन - दिसम्बर 13, 2022 12:33 अपराह्न

भारतीय टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है। तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को मेजबान बांग्लादेश ने 2-1 से अपने नाम किया। अब 14 दिसंबर से इन दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। तमाम प्रशंसक इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
भारतीय प्रशंसक यही दुआ कर रहे होंगे कि उनकी टीम भले ही वनडे सीरीज को अपने नाम ना कर पाई हो लेकिन टेस्ट सीरीज में वो दमदार प्रदर्शन करें और इसको अपने नाम करे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी टेस्ट सीरीज में वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। बता दें, पीठ में लगी चोट की वजह से वो वनडे सीरीज में भाग नहीं ले पाए थे लेकिन अब वो पूरी तरह से फिट हैं।
बता दें, ऋषभ पंत का प्रदर्शन लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में काफी निराशाजनक रहा है लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका कोई तोड़ नहीं है। वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट लग गई थी जिसके बाद उनका पहले टेस्ट में खेला जाना काफी हद तक मुश्किल लग रहा है। अब पंत को इस टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखना होगा।
वहीं अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली भी टेस्ट प्रारूप में वापसी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट शतक 2019 में जड़ा था। कोहली भी उम्मीद कर रहे होंगे कि बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वो शानदार बल्लेबाजी करें और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दे। इसी के साथ पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले एक बड़ा बयान दिया है।
विराट कोहली और ऋषभ पंत मिलकर काफी बड़ा स्कोर बनाएंगे: आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि दोनों पारियों को मिलाकर विराट कोहली और ऋषभ पंत कम से कम 125 रन, पहले टेस्ट में जरूर बनाएंगे। मुझे लग रहा है कि ऋषभ पंत उपलब्ध है, केएस भरत भी टीम में है लेकिन पंत उपलब्ध रहेंगे।’
भारतीय टीम के स्पिनरों को लेकर आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, ‘ मेरी दूसरी भविष्यवाणी यह है कि रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल मिलकर 10 या उससे ज्यादा विकेट चटकाएंगे। कुल 20 विकेट गिरेंगे जिनमें से 10 विकेट उनके खाते में आएंगे, ऐसा मुझे लगता है।’