‘आखिर वो भी इंसान ही हैं वह भी रेस्ट…’- चोटिल जसप्रीत बुमराह को लेकर बोले मोहम्मद आमिर
जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला सितंबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
अद्यतन - मार्च 14, 2023 1:03 अपराह्न

भारतीय खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए आखिरी मुकाबला सितंबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। लंबे समय से चोट से जूझ रहे जसप्रीत बुमराह ने हाल में न्यूजीलैंड में सर्जरी करवाई है। लेकिन वह कब तक वापसी करेंगे इसे लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आई है। इस साल खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भी जसप्रीत बुमराह की वापसी मुश्किल नजर आ रही है। इसी बीच पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद आमिर ने बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बुमराह को लेकर मोहम्मद आमिर ने कही यह बात
इससे पहले कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा था कि, बुमराह आईपीएल 2023 में वापसी कर सकते हैं। लेकिन जसप्रीत बुमराह अभी भी अपनी चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं जिसके चलते वो IPL और जून में होने वाले WTC फाइनल से भी बाहर हो चुके हैं। पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद आमिर इस वक्त भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के जल्दी ठीक होने की दुआ करते हुए नजर आ रहे हैं।
मोहम्मद आमिर ने हिंदुस्तान टाइम्स पर बात करते हुए कहा, ‘बुमराह बड़े लंबे समय से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं इसी के साथ वह IPL भी खेलते हैं। वह भी एक इंसान है जाहिर सी बात है उनकी भी बॉडी एक ना एक दिन थकेगी और उन्हें रेस्ट की जरूरत पड़ेगी। मैं घुटने और पीठ की चोट अपने दुश्मनों के लिए भी दुआ नहीं करता। यह क्रिकेटरों के करियर पर दांव लगा देता है। मैं उम्मीद करूंगा कि वह मजबूत रहें और जल्दी से ठीक हो।’
सिराज से मैं बहुत प्रभावित हूं- मोहम्मद आमिर
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में इस वक्त मोहम्मद सिराज तीनों फॉर्मेट में सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। मोहम्मद सिराज इस वक्त ICC वनडे रैकिंग में नंबर-1 स्थान पर काबिज है। मोहम्मद आमिर ने सिराज को लेकर भी बड़ा बयान दिया है।
मोहम्मद आमिर ने कहा, ‘जिस गेंदबाज से मैं सबसे ज्यादा प्रभावित हूं वह सिराज है। अगर आप देखें तो सभी फॉर्मेट में वह अच्छे गेंदबाज बनते जा रहे हैं। आपको उनके साथ एक-दो युवा गेंदबाज को तैयार करने की जरूरत है। अर्शदीप सिंह रेड बॉल क्रिकेट में इंडिया के लिए अच्छा कर सकते हैं।’