टीम इंडिया में पहली बार मौका मिलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने उनकी और परिवार की मनोदशा का किया खुलासा
सूर्यकुमार यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने और प्रदर्शन का कोई दबाव महसूस नहीं किया!
अद्यतन - Apr 20, 2022 5:29 pm

भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक पल को याद किया जब इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में पहली बार शामिल किए जाने के बाद उन्होंने अपने परिवार के साथ एक संयुक्त वीडियो कॉल किया था। उन्होंने मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारत के लिए डेब्यू किया था, और अब तक टीम इंडिया के लिए 7 वनडे और 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके है।
आपको बता दें, सूर्यकुमार यादव ने रणजी ट्रॉफी 2010/11 सीजन में मुंबई के लिए प्रथम-श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन आईपीएल 2018 (IPL 2018) में मुंबई इंडियंस (MI) के साथ जुड़ने के बाद ही उनकी किस्मत बदली। आईपीएल (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए तीन सीजनों में लगातार प्रदर्शन करने के बाद आखिरकार उन्हें भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया, और अब वह सीमित ओवरों की टीम का हिस्सा है।
सूर्यकुमार यादव ने अपने जीवन के सबसे भावनात्मक पल को याद किया
अपने जीवन के सबसे खास लेकिन भावनात्मक क्षण को याद करते हुए सूर्यकुमार यादव ने बताया जब उनके परिवार के सभी सदस्य रो रहे थे, तो उन्होंने अपनी आंखें बंद कर लीं और अपने करियर में इस मुकाम पर पहुंचने के लिए पिछले चार से पांच वर्षों में जिन कठिनाइयों का सामना किया, वो सब याद करने लगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें 30 साल की उम्र में खुद को साबित करने की जरूरत नहीं थी, जब वह पहले से ही इतने सालों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेल चुके हैं, और महत्वपूर्ण परिस्थितियों को संभालने का अनुभव रखते हैं।
सूर्यकुमार यादव ने गौरव कपूर के ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस शो में कहा: “मैंने अपना दरवाजा बंद किया और 10 मिनट के लिए अकेले अपने कमरे में बैठा रहा, खुद को पिंच किया और पूछा ये सपना तो नहीं है, हकीकत ही है न? फिर मैंने अपने माता-पिता, पत्नी और बहन को एक संयुक्त वीडियो कॉल किया और वे सभी रो रहे थे। मैंने कहा कि मुझे पता है कि यह एक भावनात्मक पल है, लेकिन इसे बहने दो। उस क्षण मैंने अपनी आंखे बंद कर लीं और पिछले चार-पांच वर्षों में मैंने जो कुछ भी किया वह सोचने लगा।”
सूर्यकुमार यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का कोई दबाव महसूस नहीं किया
उन्होंने आगे कहा: “यदि आप 20-21 साल की उम्र में पदार्पण करते हैं, तो आप पर प्रदर्शन करने का दबाव महसूस होता है, लेकिन 30 साल की उम्र में, मुझे खुद को साबित करने की जरूरत नहीं थी। मैं भारत के लिए नहीं खेला था लेकिन मैंने इतने सारे प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट खेले थे और हर तरह की परिस्थितियों में बल्लेबाजी की थी, इसलिए मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने को लेकर डर महसूस नहीं हुआ। लेकिन मेरे पेट के अंदर निश्चित रूप से तितलियां तैर रही थी, थोड़ा दबाव भी महसूस हुआ और मेरी हृदय गति तेज हो गई थी। लेकिन मेरे दिमाग के पीछे चल रहा था कि चीजों के बारे में ज्यादा सोचना नहीं है, और बस सामने कोई भी हो गेंद को खेलना है।”