IPL 2022: क्या उमरान मलिक पकड़ सकते हैं टीम इंडिया की फ्लाइट? जानिए निखिल चोपड़ा, वसीम जाफर की राय
उमरान मलिक ने जारी सीजन में 8 मैचों में 15 विकेट चटकाए हैं और पर्पल कैप की रेस में दूसरे नंबर हैं।
अद्यतन - अप्रैल 28, 2022 5:37 अपराह्न

पूर्व भारतीय क्रिकेटरों निखिल चोपड़ा और वसीम जाफर ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के तेज गेंदबाज उमरान मलिक की जमकर तारीफ की हैं। जम्मू और कश्मीर का यह युवा तेज गेंदबाज जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपनी तूफानी गेंदबाजी के कारण लगातार सुर्खियों में छाए हुए रहते हैं। पिछले आईपीएल (IPL) सीजन तक ज्यादातर लोगो को पता ही नहीं था कि उमरान मलिक कौन हैं, लेकिन जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में उनकी सनसनीखेज गेंदबाजी ने क्रिकेटरों और फैंस को छोड़ो बड़े-बड़े राजनेताओं तक को प्रभावित कर दिया हैं।
उमरान मलिक को आईपीएल 2021 (IPL 2021) में केवल तीन मैचों में खेलने का मौका मिला था, लेकिन जारी सीजन में वह SRH की प्लेइंग इलेवन का नियमित हिस्सा हैं, और अपनी लय, गति और आक्रामकता से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस बीच, निखिल चोपड़ा ने कहा कि उमरान मलिक एक एक्स-फैक्टर हैं, और यदि उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय टीम में चुना गया तो वह ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर काफी प्रभावशाली साबित हो सकते हैं।
निखिल चोपड़ा और वसीम जाफर ने उमरान मलिक की तारीफ की
निखिल चोपड़ा ने क्रिकट्रैकर पर Sky247.net द्वारा प्रस्तुत ‘नॉट जस्ट क्रिकेट शो’ पर कहा: “यह देखना दिलचस्प है कि यह भारतीय तेज गेंदबाज कैसे अपने लिए नाम कमा रहा है। पिछले साल तक ज्यादातर लोग उन्हें नहीं जानते थे, लेकिन इस सीजन में हर कोई उनका इंतजार कर रहा था। भले ही उसने कम मैच खेले हों, लेकिन वह एक एक्स-फैक्टर खिलाड़ी हैं, जिसकी भारत को तलाश है, उसके पास क्षमता और गति दोनों है, और वह टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बहुत बड़े हथियार होंगे।”
यह पूछे जाने पर कि क्या उमरान मलिक 160 किमी/प्रति घंटे कि रफ्तार का आंकड़ा छू सकता है, तो वसीम जाफर ने कहा कि तेज गेंदबाज अभी भी युवा है और उसे अपनी फिटनेस पर काम करने की जरूरत है, और साथ ही उसे और मैच खेलने की जरुरत हैं, जिसके बाद वह निश्चित रूप से इस आंकड़े को छू सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान उमरान मलिक का परीक्षण किया जा सकता है।
वसीम जाफर ने कहा: “वह बहुत छोटा है। थोड़े से अनुभव के साथ, थोड़ी सी फिटनेस बेहतर होने के साथ, और जितना अधिक वह खेलेगा, वह और बेहतर हो सकता है, और 160 के आंकड़े को छू सकता है। वह अभी भी बढ़ रहा है, विकसित हो रहा है, और जितना अधिक वह खेलेगा, उतना ही अधिक उसमे आत्मविश्वास आएगा, और अपने शरीर को समझते जाएगा। उसने केवल कुछ ही प्रथम श्रेणी और आईपीएल मैच खेले हैं, लेकिन मुझे वास्तव में लगता है कि यह लड़का तेज गेंदबाजी कर सकता है। मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में उनकी परीक्षा ली जा सकती है।”