राजस्थान रॉयल्स को हल्के में नहीं ले सकते लेकिन मुझे लगता है गुजरात टाइटंस के जीतने की संभावना थोड़ी ज्यादा: सुरेश रैना - क्रिकट्रैकर हिंदी

राजस्थान रॉयल्स को हल्के में नहीं ले सकते लेकिन मुझे लगता है गुजरात टाइटंस के जीतने की संभावना थोड़ी ज्यादा: सुरेश रैना

सुरेश रैना की माने तो गुजरात टीम की स्थिति फाइनल मुकाबले के लिए राजस्थान रॉयल्स टीम से काफी बेहतर है क्योंकि उनको चार से पांच दिन का रेस्ट मिल चुका है।

Suresh Raina
Suresh Raina. (Photo Source: Twitter)

29 मई 2022 का दिन सभी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए काफी बड़ा दिन होने वाला है। इस दिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का फाइनल मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) के बीच में खेला जाएगा। जहां एक तरफ गुजरात अपने पहले ही सीजन में फाइनल में प्रवेश कर चुकी है वहीं दूसरी ओर राजस्थान अपना दूसरा IPL फाइनल खेलने जा रही है।

आज या तो गुजरात अपने पहले ही सीजन में IPL विजेता बनने वाली दूसरी टीम बनेगी या राजस्थान अपना दूसरा आईपीएल कप ग्रहण करेगी। दोनों ही टीमें इस मुकाबले के लिए काफी उत्साहित होंगी। इसी के साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने कहा है कि, इस बार की विजेता बनने के लिए गुजरात टीम की संभावना राजस्थान से थोड़ी ज्यादा है।

सुरेश रैना की माने तो गुजरात टीम की स्थिति फाइनल मुकाबले के लिए RR टीम से काफी बेहतर है क्योंकि उनको चार से पांच दिन का रेस्ट मिल चुका है वहीं राजस्थान ने 27 मार्च को ही अपना पिछला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से क्वालिफायर-2 में खेला था। हालांकि उनका मानना यह भी है कि राजस्थान को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

सुरेश रैना ने स्टार स्पोर्ट्स में बातचीत के दौरान कहा कि, मुझे लगता है गुजरात टाइटंस की संभावनाएं फाइनल जीतने के लिए राजस्थान से थोड़ी ज्यादा हैं क्योंकि उनको तीन-चार दिनों का रेस्ट मिला है। यही नहीं उनका प्रदर्शन भी इस सीजन में काफी बेहतर रहा है।

जॉस बटलर से एक बार फिर से बड़ी पारी की उम्मीद: सुरेश रैना

उन्होंने आगे कहा कि, मुझे लगता है राजस्थान रॉयल्स को हल्के में नहीं लिया जा सकता। जॉस बटलर और चहल का प्रदर्शन इस सीजन में काफी बेहतरीन रहा है और सभी को उम्मीद होगी कि यह दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में भी अच्छा प्रदर्शन करें। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी है और बटलर इसका जरूर उपयोग करना चाहेंगे।

वहीं दक्षिण अफ्रीका के धमाकेदार बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ का मानना है कि इन दोनों टीमों के बीच काफी शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा। यही नहीं स्टेडियम में आए दर्शक भी इसका काफी अच्छी तरह से आनंद उठा पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने क्वालिफायर-2 में देखा था कि सभी दर्शकों ने काफी उत्साह के साथ मुकाबले का मज़ा लिया है और अब फाइनल में इससे ज्यादा भीड़ देखने को मिलेगी।

close whatsapp