SRH के फाइनल में पहुंचते ही दिग्गज ने इस टीम को बताया IPL 2024 का चैंपियन
दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बनाई
अद्यतन - मई 25, 2024 2:54 अपराह्न

आईपीएल 2024 के दोनों फाइनलिस्ट टीम के नाम अब सामने आ चुके हैं। 24 मई को हुए दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। इस तरह अब 26 मई को होने वाले फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और SRH का आमना-सामना होगा।
इस खिताबी मुकाबले से पहले इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने अपनी राय रखी है और उनका मानना है कि केकेआर के जीतने का चांस अधिक है। पीटरसन का मानना है कि केकेआर का स्पिन अटैक और SRH के खिलाफ उनका हालिया रिकॉर्ड उन्हें महत्वपूर्ण मुकाबले में फायदा पहुंचाता हुआ नजर आ रहा है।
केकेआर के पास एडवांटेज है- केविन पीटरसन
उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव पर कहा, अहमदाबाद में सनराइजर्स हैदराबाद को जिस तरह से हार का सामना करना पड़ा, वह मुझे पसंद नहीं आया और मुझे लगता है कि यह रविवार की शुरुआत में उन्हें बैकफुट पर धकेल देगा। पैट कमिंस ने जिस तरह से उस गेम को खत्म किया, वह मुझे पसंद नहीं आया। ट्रैविस हेड ने गेंद फेंकी और श्रेयस अय्यर ने धमाकेदार शॉट लगाया।
पीटरसन ने कहा कि, यह जानते हुए कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही SRH को हराया, फाइनल में केकेआर का आत्मविश्वास काफी हाई होगा। इसलिए सनराइजर्स के लिए आगे बढ़ना मुश्किल होगा, लेकिन मुझे लगता है कि अच्छा करेंगे, क्योंकि उन्होंने SA20 में जीत हासिल की है। इसलिए वे जानते हैं कि कैसे जीतना है।
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए ये भी कहा कि, टॉस 50-50 है। आपको ओस की संभावना पर विचार करना होगा और अगर ओस नहीं आती है तो भी तैयार रहना होगा। यह सब माइंडसेट और आत्मविश्वास के बारे में है। मुझे लगता है कि केकेआर के पास एडवांटेज है, जिस तरह से उन्होंने खेला है, क्वालीफायर-1 में उनकी जीत और पिछले तीन या चार दिनों में उनकी तैयारी को देखते हुए।