"...कोई फायदा नहीं है": ऋषभ पंत की भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी पर पूर्व क्रिकेटरों ने दी राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

“…कोई फायदा नहीं है”: ऋषभ पंत की भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी पर पूर्व क्रिकेटरों ने दी राय

भारत ने एशिया कप 2022 के सुपर फोर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

Rishabh Pant. (Photo by Gareth Copley – ECB/ECB via Getty Images)
Rishabh Pant. (Photo by Gareth Copley – ECB/ECB via Getty Images)

युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को जारी एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ग्रुप मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल पाई थी, जिसे लेकर क्रिकेट बिरादरी के बीच काफी टिका-टिप्पणी की गई थी।

दरअसल, टीम इंडिया ने ऋषभ पंत की जगह अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को पाकिस्तान के खिलाफ मौका दिया था। लेकिन भारत ने हांगकांग के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मैच में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को मौका दिया, क्योंकि उन्होंने हार्दिक पांड्या को इस मैच के लिए आराम देने का फैसला किया।

हालांकि, ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक दोनों को ही हांगकांग के खिलाफ बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला, क्योंकि विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ही केएल राहुल और रोहित शर्मा के विकेट के बाद शेष ओवरों के लिए काफी थी। भारत ने यह मुकाबला 40 रनों से जीतकर एशिया कप 2022 के सुपर फोर के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

ऋषभ पंत की भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी पर निखिल चोपड़ा और दीप दासगुप्ता ने दी राय

पूर्व भारतीय क्रिकेटर निखिल चोपड़ा और दीप दासगुप्ता ऋषभ पंत को हांगकांग के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में वापस लाने के भारत के फैसले से खुश थे। लेकिन पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दासगुप्ता का मानना है कि पंत से पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कराना उनकी प्रतिभा की बर्बादी है।

निखिल चोपड़ा ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स 7 प्रेजेंट्स द रन की रणनीति शो पर कहा: “मुझे बिल्कुल भी आश्चर्य नहीं हुआ कि ऋषभ पंत को हांगकांग के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, क्योंकि हम सभी इस बारे में बात कर रहे थे। मुझे लगता है कि ऋषभ आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में होंगे, क्योंकि वह मध्य क्रम में बल्लेबाजी करते हुए जो विस्फोटक रन बनता है, ये गुण उसे प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के लिए मजबूर करेगा। वह जितने अधिक मैच खेलता है, भारतीय क्रिकेट टीम के लिए उतना ही अच्छा होगा, क्योंकि एक बल्लेबाज रन बनाते रहना पसंद करता है। मैं बहुत खुश हूं कि उसे दोबारा प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, क्योंकि टीम उसके विस्फोटक स्वभाव के कारण उसे अधिक से अधिक मौके देना चाहेगी।”

इस बीच, दीप दासगुप्ता ने क्रिकट्रैकर के शो पर कहा: “आपने ऋषभ को हांगकांग के खिलाफ मौका दिया, जो काफी उचित है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उससे नंबर 5 पर बल्लेबाजी करवाने का कोई मतलब है। अगर आप पंत से नंबर 5 पर बल्लेबाजी कराते हैं, तो इसका कोई फायदा नहीं है। यदि आपने उसे अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है, तो आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि उसे बीच में कुछ समय मिले अन्यथा उसका प्लेइंग इलेवन में होने का कोई मतलब नहीं है।”

 

close whatsapp