भले ही ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट हार गई हो लेकिन सभी खिलाड़ियों ने भारत को जबरदस्त टक्कर दी: ग्लेन मैक्सवेल
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर इस चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - फरवरी 25, 2023 2:34 अपराह्न

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात देकर इस चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। कंगारू टीम का प्रदर्शन इस दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में काफी निराशाजनक रहा। इसी वजह से टीम की जमकर आलोचना हो रही है।
हालांकि बेहतरीन ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपने खिलाड़ियों का साथ देते हुए कहा है कि भले ही टीम दूसरे टेस्ट मैच में जीत दर्ज ना कर पाई हो लेकिन उन्होंने भारत को काफी टक्कर थी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में खेलना इतना आसान नहीं है और यहां की पिच पर बल्लेबाजी करना काफी मुश्किल है।
सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के मुताबिक ग्लेन मैक्सवेल ने कहा कि, ‘मुझे लगता है ऑस्ट्रेलिया ने काफी कड़ी टक्कर दी। अगर उस एक सत्र को हटा दे तो मुझे लगता है कि हम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। वहां खेलना इतना आसान नहीं है और हमारे लिए वो एक विदेशी धरती है। अगर कुछ चीजों को हटा दे तो हमने उन्हें काफी चुनौती दी। हमने भारत में कई मुकाबले खेले हुए हैं।
भारत को उन्हीं के घर में मात दे सकती है ऑस्ट्रेलिया: ग्लेन मैक्सवेल
ग्लेन मैक्सवेल का मानना है कि अगर ऑस्ट्रेलिया भारत को थोड़े और समय तक टक्कर दे सकती तो वो मेजबान को उन्हीं के घर में मात देने में सक्षम है। बता दें, टेस्ट सीरीज के बाद खेली जाने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में ग्लेन मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे।
मैक्सवेल ने आगे कहा कि, ‘मुझे लगता है कि यही संदेश अब आने वाले मुकाबलों में होगा कि हमें थोड़ा और देर तक टिकना है। अगर हम ऐसा कर दे तो भारत को हराना उनके घर में इतना मुश्किल भी नहीं होगा। दिल्ली टेस्ट के तीसरे दिन की शुरुआत में हम लोग मुकाबले में काफी आगे थे लेकिन भारत ने सच में शानदार वापसी की और ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव बनाए रखा। यह सच में कमाल का मुकाबला था।’