आखिरी के 5 से 6 ओवरों ने मुकाबले को पूरी तरह से बदल कर रख दिया: नुरुल हसन - क्रिकट्रैकर हिंदी

आखिरी के 5 से 6 ओवरों ने मुकाबले को पूरी तरह से बदल कर रख दिया: नुरुल हसन

मुझे लगता है अगर हमने 10 से 15 रन कम दिए होते तो शायद यह मुकाबला हम जीत जाते: नुरुल हसन

Nurul Hasan. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)
Nurul Hasan. (Photo by RANDY BROOKS/AFP via Getty Images)

30 जुलाई को खेले जा चुके जिंबाब्वे बनाम बांग्लादेश के बीच पहले टी-20 मुकाबले में मेजबान टीम ने यह मुकाबला 17 रनों से अपने नाम किया और साथ ही तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

मेजबान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 205 रन बनाए। वीस्ली मडवीरा ने 46 गेंदों में 67 (रिटायर्ड हर्ट) और सिकंदर रजा ने 26 गेंदों में 65* रनों की आक्रमक अर्धशतकीय पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से मुस्तफिजुर रहमान में 4 ओवरों में 50 रन देकर दो विकेट झटके।

जवाब में बांग्लादेश टीम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 188 रन ही बना पाई और 17 रनों से यह मुकाबला हार गई। टीम की ओर से कप्तान नुरुल हसन ने सर्वाधिक 26 गेंदों में 42 रन बनाए।

अभी भी ऐसी कुछ जगह हैं जहां हमें काफी काम करना है: नुरुल हसन

इस हार के बाद बांग्लादेशी कप्तान नुरुल हसन ने कोई स्पष्टीकरण नहीं देने का फैसला किया है और कहा है कि टीम को अगर अच्छा प्रदर्शन करना है तो उन्हें अपने खेल में सुधार करना होगा। उनके मुताबिक टीम ने पहली पारी के अंतिम ओवरों में बहुत ज्यादा रन दे दिए थे जिसकी वजह से बांग्लादेश टीम काफी दबाव में खेली और मुकाबला हार गई।

नुरुल हसन ने पहले टी20 मुकाबले के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘यह काफी अच्छा मुकाबला था। मुझे लगता है कि हमने आखिरी 5 से 6 ओवरों में अच्छी जगह पर गेंद नहीं डाली जिसकी वजह से मेजबान ने हम पर दबाव डालते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की।

अभी भी ऐसी कुछ जगह हैं जहां हमें काफी काम करना है। उम्मीद है हम उन जगहों पर काम करके अगले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। मैं इस पर कोई सफाई नहीं देना चाहता हूं कि हमारी बल्लेबाजी, गेंदबाजी या फील्डिंग खराब रही। हमें बस मेहनत करनी है और अच्छा प्रदर्शन करना है।

आखिरी के 5 से 6 ओवरों के लिए हमें काफी मेहनत करनी है: नुरुल हसन

नुरुल हसन का मानना है कि उन्होंने पहले टी-20 मुकाबले में 10 से 15 रन ज्यादा दे दिए थे। साथ ही अगर उन्होंने सही से खेला होता तो शायद यह मुकाबला वो जीत जाते। बांग्लादेश ने अपने पिछले 14 टी-20 मुकाबलों में 13 में हार दर्ज की है। वहीं जबसे डेव हॉटन ने जून में राष्ट्रीय कोच के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू किया है तबसे जिंबाब्वे ने लगातार छह मुकाबले जीते हैं।

नुरुल हसन ने आगे कहा कि, ‘जब हम ड्रेसिंग रूम में वापस आए तब हमें पूरा विश्वास था कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर लेंगे क्योंकि विकेट काफी अच्छा था। लेकिन जैसे मैंने कहा कि हमें अपनी गेंदबाजी में काफी मेहनत करनी है और आखिरी के 5 से 6 ओवरों में कम से कम रन देना है। मुझे लगता है अगर हमने 10 से 15 रन कम दिए होते तो शायद यह मुकाबला हम जीत जाते।

close whatsapp