फखर जमान ने मजेदार अंदाज में पाकिस्तान के आर्थिक संकट पर कसा तंज
पाकिस्तान 8 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज की मेजबानी के लिए तैयार है।
अद्यतन - मई 21, 2022 6:54 अपराह्न

पाकिस्तान के क्रिकेटर फखर जमान ने एक साक्षात्कार में अपने देश में चल रही आर्थिक स्थिति पर एक मजेदार टिप्पणी की है। उन्होंने पाकिस्तान की वर्तमान आर्थिक हालत पर अपने दोहरे शतक को लेकर तंज कसा है। श्रीलंका तो पहले से ही आर्थिक और राजनीतिक संकट से गुजर रहा है, अब पाकिस्तान में भी हालात कुछ ऐसे ही है।
आपको बता दें, इमरान खान को अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से प्रधानमंत्री के पद से हटाकर पाकिस्तान में 11 अप्रैल को एक नई सरकार का गठन किया गया। इस बीच, 32-वर्षीय ने साल 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दोहरे शतक का जिक्र करते हुए देश में वित्तीय स्थिति पर सवाल किए जाने पर एक रिपोर्टर के मजे ले लिए।
फखर जमान ने पाकिस्तान के आर्थिक संकट पर चुटकी ली
फखर जमान ने बड़े मजेदार तरीके से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि डॉलर उनके 210 के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ेगा, जो कि वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के बल्लेबाज द्वारा स्कोर किया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। हालांकि, उन्होंने पीसीबी (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा के क्रिकेटरों के लिए मासिक वेतन में बढ़ोतरी करने के फैसले का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा वेतन वृद्धि से निश्चित रूप से देश में क्रिकेट के विकास को लाभ पहुंचेगा।
क्रिकेट पाकिस्तान के अनुसार, एक रिपोर्टर के सवाल का फखर जमान ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया: “मैं चाहता हूं कि डॉलर मेरे 210 रनों के रिकॉर्ड को न तोड़े।” स्टार बल्लेबाज ने आगे कहा: “पीसीबी (PCB) के मासिक वेतन में वृद्धि से क्रिकेटरों को बेहद राहत मिलेगी। बैठक में रमीज राजा का काफी सहयोग रहा, उन्होंने कई सारी चीजें साझा की। वेतन में वृद्धि से हमारे क्रिकेट को निश्चित ही फायदा होगा।”
आपको बता दें, पाकिस्तान 8 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज की मेजबानी के लिए तैयार है, और इसके बाद टीम अगस्त में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए नीदरलैंड के दौरे पर जाएगी।