BAN vs IND: दूसरे टेस्ट में कुलदीप यादव को बाहर किए जाने को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

BAN vs IND: दूसरे टेस्ट में कुलदीप यादव को बाहर किए जाने को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान

आज यानी 22 दिसंबर से बांग्लादेश और भारत के बीच मीरपुर में दूसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो चुका है।

Sunil Gavaskar and Kuldeep Yadav (Pic Source-Twitter)
Sunil Gavaskar and Kuldeep Yadav (Pic Source-Twitter)

आज यानी 22 दिसंबर से बांग्लादेश और भारत के बीच मीरपुर में दूसरा टेस्ट मुकाबला शुरू हो चुका है। बता दें, पहले टेस्ट मैच को भारतीय टीम ने 188 रन से अपने नाम किया था। टीम की ओर से शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। यही नहीं कुलदीप यादव ने भी इस मैच में काफी शानदार गेंदबाजी की थी जिसकी वजह से भारत ने यह मैच अपने नाम किया था।

कुलदीप यादव को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से सम्मानित किया गया था हालांकि दूसरे टेस्ट मैच में उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कर दिया गया। बता दें, दूसरे टेस्ट मैच में कुलदीप यादव की जगह जयदेव उनादकट को दल में शामिल किया गया। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।

कुलदीप यादव ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट झटके थे जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 3 विकेट हासिल किया था। हालांकि इसके बावजूद भारतीय टीम ने उनकी जगह जयदेव उनादकट को दल में शामिल किया। तमाम प्रशंसकों को यह बात अच्छी नहीं लगी क्योंकि जयदेव उनादकट ने काफी समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। भले ही भारतीय घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय है लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनको खेलें काफी समय हो गया।

प्लेयर ऑफ द मैच को आपने प्लेइंग XI से क्यों किया बाहर?: सुनील गावस्कर

सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क में बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, ‘ पिछले मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को दूसरे टेस्ट मैच में ना खिलाना काफी हैरान कर देने वाला फैसला है। यह सच में मुझे बिल्कुल भी समझ नहीं आ रहा। मैं गलत शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहूंगा। जिस खिलाड़ी ने 20 में से आठ विकेट आपके लिए पिछले मैच में चटकाए हैं और आपके पास तो और स्पिनर हैं आपने उसको ही टीम से बाहर कर दिया। आपको बाकी किसी स्पिनर को बाहर करना था और कुलदीप यादव को खिलाना था।’

जयदेव उनादकट ने 12 साल बाद अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में वापसी की है। पिछली बार जब उन्होंने भारतीय टीम की ओर से खेला था तब मुख्य कोच राहुल द्रविड़ टीम के प्लेइंग XI में शामिल थे। अभी तक उनादकट ने दूसरे टेस्ट मैच में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अपनी उछाल और गति से बांग्लादेशी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। अब देखना यह होगा कि दूसरा टेस्ट मुकाबला कौन अपने नाम करता है?

close whatsapp