'मैं टीम इंडिया में धोनी की जगह लेना चाहता हूं'- टी-20 सीरीज से पहले ईशान किशन ने दिया बहुत ही अजीबोगरीब बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं टीम इंडिया में धोनी की जगह लेना चाहता हूं’- टी-20 सीरीज से पहले ईशान किशन ने दिया बहुत ही अजीबोगरीब बयान

हाल ही में वनडे क्रिकेट में ईशान किशन ने लगाया था दोहरा शतक।

Ishan Kishan (Image Credit- Twitter)
Ishan Kishan (Image Credit- Twitter)

एमएस धोनी की गिनती भारत के सबसे सफल कप्तानों में की जाती है। उन्होंने बतौर कप्तान अपने कार्यकाल के दौरान तीन आईसीसी खिताब जीते। उनकी कप्तानी में, टीम इंडिया ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के उद्घाटन संस्करण में जीत हासिल की। ​​चार साल बाद उन्होंने भारत में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। उसके बाद साल 2013 में उनकी कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी का भी खिताब अपने नाम किया था।

ये कुछ उपलब्धियां हैं जिन्हें टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में अपने नाम किया था। धोनी की इसी काबिलियत को देख कई युवा क्रिकेटर उन्हें अपना आदर्श मानने लगे। इन्हीं में से एक हैं ईशान किशन, जो धोनी के ही राज्य (झारखंड) से ताल्लुक रखते हैं। किशन, जो मूल रूप से बिहार, पटना से हैं, वो झारखंड के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलते हैं।

एमएस धोनी को लेकर बड़ी बात कह गए ईशान किशन

इस बीच गुरुवार को बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने धोनी को लेकर काफी कुछ कहा है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में ईशान किशन ने कहा कि, “बड़े होने के दौरान मेरे पसंदीदा क्रिकेटिंग आइडल एमएस धोनी थे। उसी जगह से आकर मैं भी झारखंड के लिए खेल रहा हूं। इसलिए मैं वास्तव में उनकी जगह भरना चाहता था और अब जब मैं यहां हूं, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मैं अपनी टीम को कई मैचों में जीत दिलाऊं।”

बता दें कि ईशान किशन टीम इंडिया के उभरते हुए सितारे बन रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में शानदार दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने 131 गेंदों में कुल 210 रन की पारी खेली थी। जबकि अब वह अपने होम ग्राउंड रांची में हैं, जहां खेलने को लेकर ईशान किशन भी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

close whatsapp