आईपीएल 2023: 'मुझे बेहद आश्चर्य होगा अगर....'- केविन पीटरसन ने एमएस धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर किया बड़ा दावा - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: ‘मुझे बेहद आश्चर्य होगा अगर….’- केविन पीटरसन ने एमएस धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर किया बड़ा दावा

एमएस धोनी इस समय घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, जिसके बावजूद भी वह आईपीएल 2023 में खेल रहे हैं।

Kevin Pietersen and MS Dhoni. (Image Source: Instagram/BCCI-IPL)
Kevin Pietersen and MS Dhoni. (Image Source: Instagram/BCCI-IPL)

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर केविन पीटरसन ने भारत के महान क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान एमएस धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है।

आपको बता दें, धोनी ने भले ही जारी आईपीएल 2023 के साथ अपने करियर पर फुल स्टॉप लगाने की बात स्वीकार नहीं की हो, लेकिन पूरी क्रिकेट बिरादरी के बीच अफवाह है कि यह उनका आखिरी सीजन है। वहीं, चेन्नई में 14 मई को KKR के खिलाफ CSK के आखिरी घरेलू मैच के बाद धोनी के लैप ऑफ ऑनर ने उनके रिटायरमेंट की खबरों को सच मानने के लिए सभी की मजबूर कर दिया है।

मुझे बेहद आश्चर्य होगा अगर यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन है: पीटरसन

लेकिन केविन पीटरसन का मानना है कि एमएस धोनी इस साल रिटायरमेंट नहीं लेंगे, बल्कि अगले सीजन में भी खेलते हुए नजर आएंगे, जो कि पूरे भारत की चाहत है, और उनके लिए इम्पैक्ट प्लेयर नियम यह फैसला लेने में मदद कर सकता है। आपको बता दें, महान विकेटकीपर-बल्लेबाज इस समय घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, जिसके बावजूद भी वह जारी आईपीएल 2023 में खेल रहे हैं।

केविन पीटरसन ने बेटवे के लिए अपने कॉलम में लिखा: “मैं धोनी के लैप ऑफ ऑनर के लिए 14 मई को चेपॉक में मौजूद था, और यह देखना बेहद अद्भुत था कि कैसे स्टेडियम पूरी तरह से भरा हुआ है। अगर यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन है, तो मुझे बेहद आश्चर्य होगा। मुझे लगता है कि इम्पैक्ट प्लेयर रूल धोनी की सच में बहुत मदद कर रहा है, जहां वह 20 ओवर विकेटकीपिंग कर सकता है, और फिर वह जहां बल्लेबाजी करना चाहता है, वहां बल्लेबाजी कर सकता है।

इस सीजन के समापन के बाद धोनी के पास आठ या नौ महीने तक आराम करने का समय होगा, और फिर इस दौरान वह अपने घुटने को ठीक कर सकता है, और साथ ही उसके पास खुद को फिट रखने और दूसरे सीजन के लिए तैयार होने का भी मौका होगा। मुझे उम्मीद है कि यह आखिरी बार नहीं होगा, जब हम धोनी को खेलते हुए देखेंगे, और मुझे पता है कि देश में हर कोई चाहेगा कि वह एक और सीजन खेलें।”

close whatsapp