शेन वार्न के निधन को लेकर डेविड वॉर्नर ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के साथ बताया क्या वह अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
शेन वॉर्न का अंतिम संस्कार 30 मार्च को मेलबर्न में राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।
अद्यतन - Mar 11, 2022 10:00 pm

ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटरों में से एक शेन वॉर्न ने 4 मार्च को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। थाईलैंड में दिल का दौरा पड़ने के कारण स्पिन के जादूगर ने 52 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। इस महान खिलाड़ी के निधन पर एक पल के लिए किसी को भी विश्वास नहीं हुआ उनमें से एक नाम ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का भी है। डेविड वॉर्नर ने खुलासा किया है कि वह वॉर्न के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में वार्न के राजकीय सम्मान का आयोजन किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर का अंतिम संस्कार 30 मार्च 2022 को मेलबर्न में राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। हालांकि उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के अधिकतर सदस्य पाकिस्तान के दौरे पर मौजूद होंगे। लेकिन डेविड वॉर्नर लिमिटेड ओवर्स सीरीज का हिस्सा ना होने से वह वापस मेलबर्न के लिए रवाना होंगे जिससे वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरुआती कुछ मुकबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
“मैं उनके अंतिम संस्कार में शत प्रतिशत रहूंगा”- डेविड वॉर्नर
डेविड वॉर्नर ने स्पोर्टस्टार के हवाले से कहा “इस खबर को लेकर मुझे अभी तक यकीन नहीं हो रहा है, जब हमे पहले यह खबर मिली तब यह मजाक लग रहा था। मैं उनके अंतिम संस्कार में 100 प्रतिशत जाऊंगा और बहुत सारे लोग उनका सम्मान करेंगे। यह हर किसी के लिए एक भावुक लम्हा होगा।”
उन्होंने आगे कहा “अगर आप पूरी दुनिया से उनकी श्रद्धांजलि को देखें तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि उन्होंने दुनियाभर के लोगों के दिलों को छुआ है। मैंने अपनी दीवार पर उनका पोस्टर लगा रखा है और मैं हमेशा से उनकी तरह बनना चाहता था।”
शेन वॉर्न टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले मुथैया मुरलीधरन हैं, टेस्ट में उन्होंने 800 विकेट हासिल किये हैं जबकि शेन वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 145 टेस्ट मैच खेलें हैं जिसमें उन्होंने कुल 708 विकेट चटकाए है। इसके अलावा कंगारू टीम के लिए 194 एकदिवसीय मुकाबले भी खेलें हैं और 294 विकेट हासिल किये हैं।