2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दूंगा: रोहित शर्मा
टी20 और टेस्ट से संन्यास के बाद अब 50 ओवर विश्व कप पर नजर, अधूरे सपने को पूरा करने का संकल्प
अद्यतन - Feb 11, 2026 11:11 pm

रोहित शर्मा के नाम पहले ही टी20 वर्ल्ड कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी और छह आईपीएल खिताब दर्ज हैं। इसके बावजूद एक ट्रॉफी ऐसी है, जिसे जीतने की उनकी ख्वाहिश अब भी अधूरी है वनडे वर्ल्ड कप। भारतीय कप्तान रह चुके रोहित ने साफ कहा है कि वह 2027 में होने वाला 50 ओवर का विश्व कप जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।
रोहित ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन उन्होंने वनडे फॉर्मेट खेलना जारी रखा है। उनका लक्ष्य साफ है 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाला विश्व कप जीतना।
2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली उस हार ने रोहित को गहराई से प्रभावित किया। अब वह उस अधूरे सपने को पूरा करना चाहते हैं।
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान रोहित इस विषय पर बात करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बचपन में 50 ओवर का वर्ल्ड कप ही क्रिकेट की सबसे बड़ी प्रतियोगिता मानी जाती थी।
उस समय न तो टी20 वर्ल्ड कप था, न आईपीएल और न ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप। चार साल में एक बार होने वाला यह टूर्नामेंट ही क्रिकेट का शिखर था। रोहित ने कहा कि वह उसी जुनून के साथ इस ट्रॉफी को जीतना चाहते हैं और इसके लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
वनडे क्रिकेट में रोहित का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 282 मैचों में 11,577 रन बनाए हैं। उनका औसत करीब 49 और स्ट्राइक रेट 92 से ज्यादा है। इस दौरान उन्होंने 61 अर्धशतक और 33 शतक लगाए हैं।
पिछले विश्व कप में वह विराट कोहली के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। अब रोहित की नजर 2027 पर टिकी है, जहां वह अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करना चाहते हैं।