आईसीसी ने पहली बार महिला फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) का किया ऐलान; जानिए किस टीम के हिस्से आए कितने मैच
आईसीसी ने फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) में दो बहु-प्रारूप एशेज सीरीज शामिल की है।
अद्यतन - अगस्त 16, 2022 4:17 अपराह्न

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 16 अगस्त को महिला क्रिकेट के लिए पहली बार फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) की घोषणा की है। इस महिला फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) में अगले तीन वर्षों में 10 टीमों के लिए द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय दौरों और खेल के तीनों प्रारूपों के ढेर सारे मैचों को शामिल किया गया है।
आईसीसी द्वारा जारी फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) में महिला टीमों के लिए मैचों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ-साथ आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (IWC) को 10-टीम इवेंट में तब्दील किया गया है। नवीनतम फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) के अनुसार, 2022-25 चक्र में खेल के तीनो प्रारूपों में 300 से अधिक मैच खेले जाएंगे।
आईसीसी ने महिला क्रिकेट के लिए बंपर सीजन का ऐलान किया
आईसीसी ने फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) में दो बहु-प्रारूप एशेज सीरीज शामिल की है, जिसमें एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन T20I मैच शामिल हैं। इंग्लैंड जून 2023 में पहली एशेज सीरीज की मेजबानी करेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया जनवरी 2025 में दूसरी एशेज सीरीज की मेजबानी करेगा। पहली एशेज सीरीज के तीन वनडे मैच आईसीसी महिला चैम्पियनशिप का हिस्सा होंगे, जिसके अंक आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के लिए अहर्ता दिलाएंगे।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया घरेलू आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (IWC) सीरीज के अलावा दिसंबर 2023 में एक टेस्ट, तीन ODI और तीन T20I मैचों के लिए भारत का दौरा करेगा। इंग्लैंड, भारत और दक्षिण अफ्रीका इस अवधि के दौरान टेस्ट मैच खेलेंगे, जबकि अन्य टीमों ने पांच मैचों की T20I सीरीज खेलने का फैसला किया है।
इंग्लैंड इस अवधि के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे और पांच T20I घरेलू और विदेशी सीरीज के हिस्से के रूप में खेलेगा, जबकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (IWC) सीरीज के साथ-साथ आयरलैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन-तीन T20I मैच खेलेगी।
वहीं, वेस्टइंडीज महिला टीम पांच मैचों की T20I सीरीज में आयरलैंड की मेजबानी करेगी, ऑस्ट्रेलिया में तीन T20I, और साथ ही पाकिस्तान में पांच T20I और श्रीलंका में तीन T20I मैच खेलेगी। इसके अलावा, वे तीन मैचों की T20I सीरीज में बांग्लादेश और श्रीलंका की मेजबानी भी करेंगे।
बांग्लादेश जनवरी 2025 में दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ अतिरिक्त तीन T20I मैच खेलेगा। जबकि आयरलैंड जून 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच T20I मैच, सितंबर 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन घरेलू T20I मैच, जनवरी 2025 में भारत में तीन T20I मैच और दिसंबर 2024 में बांग्लादेश में पांच T20I मैच खेलेगा। श्रीलंका आयरलैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन-तीन T20I मैच खेलेगी।