महिला एशिया कप 2022: रमेश पोवार ने पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद भारत की रणनीति का किया बचाव
भारत सभी परिस्थितियों और दबाव वाली स्थितियों के लिए टीम तैयार करना चाहता है।
अद्यतन - अक्टूबर 8, 2022 6:06 अपराह्न

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रमेश पोवार ने जारी महिला एशिया कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि टीम प्रबंधन का प्राथमिक उद्देश्य दबाव की स्थिति में युवा खिलाड़ियों के टेम्परामेंट को टेस्ट करना था।
आपको बता दें, भारत बनाम पाकिस्तान एशिया कप 2022 मैच में, भारतीय टीम प्रबंधन ने हरमनप्रीत कौर को सातवें नंबर पर भेजने का फैसला किया, जबकि पूजा वस्त्राकर (पांचवे नंबर पर) को ऋचा घोष (आठवें नंबर पर) से आगे भेजा गया और इस बदलाव के चलते टीम इंडिया को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वियों पाकिस्तान के खिलाफ 13 रनों की हार का सामना करना पड़ा।
रमेश पोवार ने पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल के फैसले का बचाव किया
रमेश पोवार ने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “हम नहीं चाहते थे कि हमारे नियमित चेजर पहले बल्लेबाजी करने आए, बल्कि हम युवा खिलाड़ियों को उन भूमिकाओं में आजमाना चाहते थे। यह जारी महिला एशिया कप 2022 में हमारा चौथा मैच था और हम पूजा वस्त्राकर, ऋचा घोष और दयालन हेमलता को इन स्थितियों में आजमाना चाहते थे, देखना चाहते थे कि वे इन दबाव वाली परिस्थतियों से कैसे गुजरते हैं।
उन्हें इन दबाव वाली स्थितियों से गुजरने की जरूरत है क्योंकि हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधना लंबे समय से ऐसा कर रही हैं। इसलिए हमारा उद्देश्य अन्य खिलाड़ियों की ऊपरी क्रम में आजमाना था ताकि वे उस दबाव को महसूस कर सकें। हम देखना चाहते हैं कि वे ऐसी परिस्थितियों में कैसे खेलते हैं, क्योंकि उन्हें आगामी आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 में ऐसी परिस्थितियों से गुजरना पड़ सकता है। इसलिए हमने जोखिम उठाया ताकि इस मुद्दे का समाधान हो सके।
हम आगामी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2023 से पहले इस क्षेत्र में सुधार करना चाहते थे। हम यह प्रयोग एशिया कप 2022 में करना चाहते थे, क्योंकि वर्ल्ड कप से पहले हमारे पास ज्यादा मैच नहीं हैं, हमारे पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ पांच मैच है। हम सभी परिस्थितियों और सभी दबाव वाली स्थितियों के लिए अपनी टीम को तैयार करना चाहते हैं, क्योंकि हम मैच जीतना चाहते हैं।”