ICC अध्यक्ष ग्रेग बार्कले और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्योफ अलार्डिस 30 मई को दो दिवसीय दौरे के लिए पाकिस्तान जाएंगे
15 सालों में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि ICC चेयरमैन किसी देश का दौरा करने जा रहे हैं।
अद्यतन - मई 28, 2023 8:09 अपराह्न

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्योफ अलार्डिस साथ में 30 मई को दो दिवसीय दौरे के लिए पाकिस्तान का दौरा करेंगे। बता दें, 15 सालों में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि ICC चेयरमैन किसी देश का दौरा करने जा रहे हैं। इससे पहले पूर्व अध्यक्ष रे माली ने 2008 में दौरा किया था।
Dawn के मुताबिक यह दोनों 30 मई की सुबह पाकिस्तान पहुंचेंगे और वहां वो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर बैरिस्टर सलमान नसीर और बाकी बोर्ड अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यह कमेटी एशिया कप 2023 और वनडे वर्ल्ड कप 2023 को लेकर भी आपस में बातचीत करेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मीडिया रिलीज में कहा गया है कि, ‘ज्योफ अलार्डिस लगातार पाकिस्तान का दौरा कर चुके हैं। पहले ICC जनरल मैनेजर- क्रिकेट के रूप में और अब ICC चीफ एग्जीक्यूटिव के रूप में। ग्रेग बार्कले पहली बार पाकिस्तान का दौरा कर रहे हैं।’
एशिया कप 2023 को लेकर हो सकती है अहम बातचीत
मीडिया रिलीज में आगे कहा गया है कि, ‘2008 में ICC के पूर्व अध्यक्ष रे माली ने 2008 में दौरा किया था और अब 15 सालों के बाद ग्रेग बार्कले पहले ICC चेयरमैन है जो पाकिस्तान का दौरा कर रहे हैं। 2004 अक्टूबर के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है कि ICC के दो टॉप के अधिकारी एक साथ पाकिस्तान क्रिकेट हेडक्वार्टर आ रहे हैं।’
बता दें, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह बात पहले ही बोल दी है कि अगर एशिया कप 2023 पाकिस्तान में खेला जाता है तो वो वहां का दौरा नहीं करेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मानें तो अगर यह महत्वपूर्ण टूर्नामेंट कहीं और खेला जाएगा तो ही भारतीय टीम इसमें हिस्सा लेगी।
इसी चीज को लेकर पाकिस्तान ने अपना पक्ष रखा और कहा कि अगर ऐसा होता है तो वो भी वर्ल्ड कप 2023 में हिस्सा नहीं लेंगे जो भारत में खेला जाना है। अब देखते हैं इस चीज पर ICC क्या फैसला लेते हैं।