ICC ने जारी किया 2035 तक मैन्स क्रिकेट कैलेंडर, इस साल वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे भारत-बांग्लादेश
आइए आपको इस खबर के बारे में विस्तार से जानकारी देते हैं
अद्यतन - नवम्बर 16, 2026 11:27 पूर्वाह्न

हाल में ही इंडोनेशिया के बाली में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की बैठक हुई। इस अहम बैठक के बाद क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने साल 2035 तक होने वाले सभी बड़े मैन्स आईसीसी टूर्नामेंट के तारीख की घोषणा की। इस बैठक के बाद अगला आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2028 ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सह-मेजबानी में खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 12 अक्टूबर से 12 नवंबर के बीच आयोजित होगा।
तो वहीं, इंग्लैंड, आयरलैंड और स्काॅटलैंड में 2030 में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 4 जुलाई से 4 अगस्त के बीच खेला जाएगा। जबकि 2032 में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 14 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच खेला जाएगा। हालांकि, मेजबान देशों के बारे में अभी आईसीसी ने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद 2034 का आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप सीजन 6 जुलाई से 6 अगस्त के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के मेजबान देश के बारे में आईसीसी ने नहीं बताया है।
इस साल भारत-बांग्लादेश में खेला जाएगा वर्ल्ड कप
भारत और बांग्लादेश 2031 में मैन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे, जो 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक चलेगा। 2035 का वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से 18 नवंबर के बीच आयोजित होगा, जिसके मेजबान की पुष्टि अभी होनी बाकी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 2035 तक हर दो साल में एक बार जून के महीने में आयोजित होता रहेगा।
2029 का फाइनल 8 से 12 जून तक इंग्लैंड में खेला जाएगा, और इसके बाद 2031 में भी इंग्लैंड ही 12 से 16 जून तक होने वाले फाइनल की मेजबानी करेगा। 2033 और 2035 के फाइनल किन जगहों पर होंगे, यह अभी तय नहीं है; ये क्रमशः 9 से 13 जून और 7 से 11 जून के बीच आयोजित किए जाएंगे।
तो वहीं, इन टूर्नामेंट की घोषणा के बाद आईसीसी के चीफ एग्जीक्यूटिव संजोग गुप्ता ने कहा ‘आईसीसी के आयोजनों का पोर्टफोलियो और कार्यक्रम क्रिकेट की वैश्विक संरचना के महत्वपूर्ण घटक हैं और ये क्रिकेट जगत को उच्च स्तर का संदर्भ, प्रतिस्पर्धा और महत्व प्रदान करते हैं। ये टूर्नामेंट प्रशंसकों और खिलाड़ियों दोनों के लिए शिखर के समान क्षण होते हैं, और इनसे जुड़े रास्ते व्यापक क्रिकेट परिदृश्य के लिए आकांक्षा और पहुंच को बढ़ावा देते हैं।’
ये भी पढ़ें – 16 नवंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से