Women T20 WC 2026: भारत ने नीदरलैंड को 95 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप में हासिल की लगातार दूसरी जीत

Women T20 WC 2026: भारत ने नीदरलैंड को 95 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप में हासिल की लगातार दूसरी जीत

इस जीत के बाद भारतीय महिला टीम को नेटरनरेट के मामले में बड़ा फायदा पहुंचा है

India Women vs Netherlands Women (Image Credit- Twitter X)
India Women vs Netherlands Women (Image Credit- Twitter X)

आज 17 जून, बुधवार को लीड्स के हेडिंग्ली मैदान पर भारत और नीदरलैंड की महिला टीमों के बीच, जारी आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां मैच खेला गया। बता दें इस मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 95 रनों से एक बड़ी जीत दर्ज की और मल्टीनेशन टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने रिकाॅर्ड 210 रनों का लक्ष्य नीदरलैंड की महिला टीम के सामने जीत के लिए रखा, लेकिन नीदरलैंड इस बड़े टारगेट का पीछा करते हुए 114 रनों पर ढेर हो गई, और उसे लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। साथ ही मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 11 चौके व 1 छक्के की मदद से 74 रनों की तेज पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के 10वें मैच का हाल

मैच के बारे में आपको जानकारी दें तो नीदरलैंड ने टाॅस जीतकर भारतीय महिला क्रिकेट को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। इसके बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 209 रन बनाए। तो वहीं, टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़कर टीम को एक मजबूत आधार दिया।

मंधाना ने 74 तो शेफाली ने 55 रन बनाए। इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 19 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 रनों का योगदान दिया। अंत में विकेटकीपर रिचा घोष ने 8 गेंदों में 20* रन बनाए, तो दीप्ति शर्मा 2 गेंदों में 10* रन बनाकर नाबाद रही। नीदरलैंड के लिए गेंदबाजी में कोरोलिन डि लांगे को 2 विकेट मिले। इसके अलावा आयरिश ज्वलिंग, हीतर सिजर्स व मार्थ वान डन राड को 1-1 विकेट मिला।

इसके बाद, जब नीदरलैंड भारत से मिले 210 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह 17.3 ओवरों में 114 रनों पर ऑलआउट हो गई। नीदरलैंड के लिए कप्तान बबीट डे लीड ने 28 रनों की बेस्ट पारी खेली। दूसरी ओर, भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 3 विकेट हासिल किए, तो श्री चरणी को 4 विकेट मिले। इसके अलावा नंदनी शर्मा को 2 और दीप्ति शर्मा को 1 विकेट मिला।

close whatsapp