आइसलैंड क्रिकेट ने रविचंद्रन अश्विन की तुलना रिचर्ड हेडली और शेन वॉर्न से की
रविचंद्रन अश्विन के टेस्ट बल्लेबाजी औसत की बात की जाए तो उनका औसत 26.88 का है जबकि रिचर्ड हेडली का 27.16 का था।
अद्यतन - Dec 16, 2022 5:23 pm

आइसलैंड क्रिकेट (IC) ने अनुभवी भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की तुलना दिवंगत शेन वॉर्न और रिचर्ड हैडली से की है। बता दें, भारतीय टीम इस समय बांग्लादेश में 2 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहला टेस्ट चट्टोग्राम में खेला जा रहा है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 404 रन बनाए। बता दें, टीम ने एक समय अपने शुरुआती 3 विकेट मात्र 48 रन पर खो दिए थे लेकिन इसके बाद चेतेश्वर पुजारा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और रविचंद्रन अश्विन की बेहतरीन बल्लेबाजी की वजह से टीम ने मेजबान के ऊपर बड़ा स्कोर दर्ज किया। रविचंद्रन अश्विन की बात की जाए तो उन्होंने महत्वपूर्ण समय में क्रीज पर उतरकर 113 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 58 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
भले ही अश्विन अभी तक बांग्लादेश में अपनी गेंदबाजी से कमाल ना दिखा पाए हो लेकिन बल्लेबाजी तो उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यही नहीं इस पारी की बदौलत उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए।
आइसलैंड क्रिकेट ने अपने सोशल मीडिया में इन आंकड़ों को शेयर करते हुए रविचंद्रन अश्विन की तुलना दिग्गज शेन वॉर्न और न्यूजीलैंड के शानदार क्रिकेटर रिचर्ड हेडली से की।
When people compile lists of the greatest Test all-rounders, Ravi Ashwin's name is rarely present. But he has nearly 3,000 runs at almost the same average as Hadlee, with five centuries. Not to mention nearly 450 wickets at a lower average than Warne.
— Iceland Cricket (@icelandcricket) December 15, 2022
भारत ने बांग्लादेश को पहली पारी में 150 रन पर ऑलआउट किया
रविचंद्रन अश्विन के टेस्ट बल्लेबाजी औसत की बात की जाए तो उनका औसत 26.88 का है जबकि रिचर्ड हेडली का 27.16 का था। गेंदबाजी का औसत रविचंद्रन अश्विन का 24.13 का है वहीं बेहतरीन स्पिनर शेन वॉर्न का औसत 25.41 का था।
भारतीय टीम ने बांग्लादेश को उनकी पहली पारी में 150 रन पर ऑलआउट कर दिया। मेजबान की ओर से मुशफिकुर रहीम ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। मेहदी हसन मिराज ने 25 रन का योगदान दिया जबकि जाकिर हसन ने 20 रन बनाए। लिटन दास ने 24 रन की पारी खेली।
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 16 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट अपने नाम किए जबकि उमेश यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट झटका। भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 258 रन पर दो विकेट पर घोषित की।
कप्तान केएल राहुल एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और मात्र 23 रन पर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की बहुमूल्य साझेदारी की। विराट कोहली ने दूसरी पारी में 19* रन का अहम योगदान दिया। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 152 गेंदों में 110 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 3 छक्के जड़े।
शुभमन गिल के अलावा अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 130 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 102 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली।