अगर देश में कोविड के मामले ना बढ़ते तो IPL में बायो-बबल की जरूरत नहीं थी: सौरव गांगुली
जहां पिछले दो साल आईपीएल मुकाबले बिना दर्शकों के खेले गए थे वहां इस बार 50% दर्शकों के साथ आईपीएल मुकाबले खेले जा रहे हैं।
अद्यतन - Apr 29, 2022 4:14 pm

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली का यह मानना है कि अगर भारत में कोरोना के मामले ज्यादा ना बढ़ते तो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बायो-बबल की कोई जरूरत नहीं थी।
बता दे पिछले तीन संस्करण टूर्नामेंट के बायो-बबल में ही खेले जा रहे हैं। जहां एक तरफ पिछले दो साल IPL मुकाबले बिना दर्शकों के खेले गए थे वहीं इस बार 50% दर्शकों के साथ आईपीएल मुकाबले खेले जा रहे हैं।
पिछले 3 सालों में यह पहला सीजन है जब दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति दी गई है। वहीं हाल ही में टूर्नामेंट की टीम दिल्ली कैपिटल्स में 6 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए थे। यह दर्शाता है कि खिलाड़ियों को बायो-बबल में रहना कितना जरूरी है।
उम्मीद है जल्द ही बिना बायो-बबल के मुकाबले खेले जाएंगे: सौरव गांगुली
न्यूज-18 पर सौरव गांगुली के छपे बयान के अनुसार उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कहा कि, अगर भारत में कोविड मामले ना बढ़े तो आईपीएल में बायो-बबल की कोई जरूरत नहीं होगी। लेकिन अभी इसके लिए हमको इंतजार करना पड़ेगा। कोविड अभी लगभग 10 साल और रहेगा।
जब गांगुली से पूछा गया कि BCCI द्वारा कोविड को लेकर आगे की क्या प्रक्रिया रहेगी तो उन्होंने यही जवाब दिया कि, देखते हैं आगे क्या हो सकता है। बीसीसीआई की यह भी रणनीति है कि आने वाले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में वो बायो-बबल को हटा दें। कोविड मामलों की बात की जाए तो, भारत में 3,337 नए मामले देखे हैं और इस समय एक्टिव मामले भारत में 17000 हैं वहीं सात और लोगों की मौत भी हो चुकी है।
वहीं सौरव गांगुली ने आईपीएल क्वालीफायर को लेकर कहा है कि, कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले को लेकर सभी काफी उत्साहित हैं। 3 साल के बाद इस ग्राउंड में मुकाबले खेले जाने हैं। बता दे क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर के मुकाबले 24 और 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले जाएंगे।
इसी के साथ सौरव गांगुली का यह भी कहना था कि, स्टेडियम में लोगों के बैठने की क्षमता को और बढ़ाएंगे। इस समय स्टेडियम में 67000 लोगों की क्षमता है और वह अब इसको बढ़ाकर एक लाख करेंगे।