विराट कोहली के हांगकांग के खिलाफ रन बनाने से नाखुश आलोचकों पर निखिल चोपड़ा ने कसा तंज
विराट कोहली का लय में वापस आना टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है।
अद्यतन - Sep 1, 2022 3:47 pm

भारत के पूर्व क्रिकेटर निखिल चोपड़ा का मानना है कि एशिया कप 2022 में हांगकांग के खिलाफ विराट कोहली की शानदार पारी पूर्व कप्तान को आगामी मैचों में काफी आत्मविश्वास प्रदान करेगी। विराट कोहली ने क्रिकेट से लगभग एक महीने के लंबे ब्रेक के बाद जारी एशिया कप 2022 में दमदार वापसी की है।
अनुभवी बल्लेबाज ने पाकिस्तान के खिलाफ भारत की पांच विकेट की जीत में 34 रनों का अहम योगदान दिया और फिर 31 अगस्त को हांगकांग के खिलाफ उन्होंने नाबाद 59 रनों की पारी खेल एक बार फिर अपने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। कोहली का लय में वापस आना टीम इंडिया के लिए सकारात्मक संकेत है।
हांगकांग के खिलाफ यह अर्धशतक विराट कोहली को काफी आत्मविश्वास देगा: निखिल चोपड़ा
निखिल चोपड़ा ने क्रिकट्रैकर के बैटब्रिक्स7 प्रेजेंट्स रन की रणनीति शो पर कहा: “विराट कोहली ने ब्रेक के बाद अच्छी वापसी की है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ महत्वपूर्ण रन बनाए और अब हांगकांग के खिलाफ यह अर्धशतक विराट कोहली को काफी आत्मविश्वास देगा और इसमें कोई शक नहीं है।”
इस बीच, कई लोग कह रहे हैं कि विराट कोहली ने हांगकांग जैसी कमजोर टीम के खिलाफ अर्धशतक बनाया है, जिन्हे अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर से खरी-खोटी सुननी पड़ी। निखिल चोपड़ा ने कोहली के आलोचकों पर पलटवार करते हुए कहा: “अगर विराट रन नहीं बनाते, तो लोग कहते कि वह हांगकांग के खिलाफ भी रन नहीं बना पाया, और अब जब उन्होंने रन बनाए, तो लोग कह रहे हैं कि उन्होंने कमजोर टीम के खिलाफ रन बनाए हैं। विराट भारत के लिए खेल रहे हैं, तो उनकी जिम्मेदारी है कि वह रन बनाए, और वह वही कर रहे हैं, चाहे फिर विरोधी टीम पाकिस्तान हो या हांगकांग, इसमें भी लोग अब सवाल उठा रहे हैं, जो उचित नहीं है।”
आपको बता दें, भारत जारी एशिया कप 2022 के बाद ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की सीमित ओवरों की सीरीज में मेजबानी करने जा रहा है, और विराट कोहली अपने इस फॉर्म को घरेलू सीरीज में भी जारी रखना चाहेंगे, ताकि आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले वह पुरानी धुन में लौट आए।