‘घमंड को साइड में रखकर, इंग्लैंड से सीखें कैसे जीते जाते हैं ICC टूर्नामेंट’- माइकल वॉन ने कसा बीसीसीआई पर तंज
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सेमीफाइनल से बाहर हो गई थी टीम इंडिया।
अद्यतन - Nov 14, 2022 4:39 pm

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया को सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा एंड कंपनी ने टूर्नामेंट में कई मुकाबलों में करीबी जीत हासिल की। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हारने के बाद टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
इस हार के बाद टीम के सभी खिलाडी, रोहित शर्मा की कप्तानी, चयन समिति और यहां तक कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) प्रबंधन सहित इसमें शामिल सभी लोग सुर्खियों में हैं। इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बीसीसीआई को एक सलाह दी है। उन्होंने सुझाव देते हुए बताया है कि अगर उन्हें भारतीय क्रिकेट का प्रभार दिया जाता है तो वह क्या करेंगे।
वॉन ने जमकर की इंग्लिश टीम की तारीफ
वॉन ने द टेलीग्राफ में अपने कॉलम में लिखा, “अगर मैं भारतीय क्रिकेट चला रहा होता तो मैं अपने सम्मान का रुतबे को एक तरफ रखकर इंग्लैंड से प्रेरणा लेने की कोशिश करता। इंग्लैंड की मौजूदा व्हाइट बॉल क्रिकेटर असाधारण हैं। अब इंग्लैंड ऐसी टीम बन चुकी है, जिसका पूरी दुनिया अनुसरण करेगी।” हालांकि यह पहली बार नहीं है जब वॉन ने भारतीय क्रिकेट को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वॉन ने आगे कहा कि, “हां उनके (इंग्लैंड) पास महान खिलाड़ी हैं लेकिन उनके पास अच्छी रणनीतियां भी हैं। जिस तरह से वे डेटा का उपयोग करते हैं वह स्मार्ट है। पहले गेंदबाजी करना एक बहादुरी भरा कदम था लेकिन वे जानते थे कि विराट कोहली को आउट करना बेहद जरुरी होगा।”
आगे उन्होंने कहा कि, “उन्होंने आदिल राशिद से पहले गेंदबाजी करवाई, ऋषभ पंत बाद में बल्लेबाजी के लिए आए। पाकिस्तान के खिलाफ, मैच में भी बड़ी चतुराई के साथ गेंदबाजी में परिवर्तन किया। बटलर का एक चलन और पैटर्न रहा है, लेकिन उनके पास गेंदबाजी में सब हथियार मौजूद हैं। इसलिए विपक्षी टीम जो कुछ भी उन पर फेंकता है, वो उनका मुकाबला करने में सक्षम रहते हैं।”