टीम इंडिया के साथ मैच से पहले शाकिब अल हसन ने दे डाला ये कैसा बेतुका बयान?
अगर भारत बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज कर लेता है तो वो लगभग सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा, वहीं बांग्लादेश भी इस मुकाबले को जीतना चाहेगी।
अद्यतन - Nov 1, 2022 3:09 pm

भारतीय टीम को अब बांग्लादेश के खिलाफ अपना अगला ICC टी-20 वर्ल्ड कप का ग्रुप 12 स्टेज का मुकाबला खेलना है। यह मैच 2 नवंबर को एडिलेड में खेला जाएगा। बता दें, अगर भारत बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज कर लेता है तो वो लगभग सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा, वहीं बांग्लादेश भी इस मुकाबले को जीतना चाहेगी।
बता दें, भारत और बांग्लादेश दोनों ही टीमों ने अभी तक तीन-तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें से उन्होंने 2 में जीत दर्ज की है और एक में उनको हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है।
शाकिब अल हसन का मानना है कि बांग्लादेश भारतीय टीम को आराम से मात दे सकती है।
शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि अच्छा मुकाबला होगा। इंडिया के इस मुकाबले को जीतने की संभावना ज्यादा है। वो यहां वर्ल्ड कप जितने आए हैं, हम यहां वर्ल्ड कप जीतने नहीं आए हैं। आप स्थिति को अच्छी तरह से समझ सकते हैं अगर हम इंडिया के खिलाफ जीत जाते हैं तो यह उनके लिए काफी बुरी बात होगी और हम उन्हें हराने के लिए ही मैदान पर उतरेंगे।’
मुकाबले से पहले शाकिब अल हसन ने सूर्यकुमार यादव की जमकर तारीफ की
बता दें, सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम की ओर से अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2022 में भारत के लिए 26 मुकाबलों में 183.69 के स्ट्राइक रेट से 935 रन बनाए हैं। वो इस समय अपने बेहतरीन फॉर्म में है और बांग्लादेश के खिलाफ भी वो काफी घातक साबित हो सकते हैं। अभी तक तीन मुकाबले में यादव ने 2 अर्धशतक जड़े हैं और शाकिब भी उनके इस फॉर्म को लेकर काफी घबराए हुए हैं।
बांग्लादेश कप्तान ने आगे कहा कि, ‘सूर्यकुमार यादव काफी अच्छा खेल रहे हैं। पिछले साल के रिकॉर्ड को देखा जाए तो वह इस समय टीम के नंबर एक बल्लेबाज है। उनके पास कुछ वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी भी है। हमने अभी तक अपनी टीम मीटिंग नहीं की है लेकिन हम इस मीटिंग में काफी चीजों को लेकर आपस में बात करेंगे। अगर हमें इस मैच को जीतना है तो सभी डिपार्टमेंट में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’