क्या चेतन शर्मा के बाद BCCI वीरेंद्र सहवाग को नियुक्त करेगी मुख्य चयनकर्ता? जानें क्या कहा हरभजन सिंह ने
एक स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने भारतीय टीम और BCCI को लेकर कई खुलासे किए थे।
अद्यतन - Feb 28, 2023 6:01 pm

अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से इस चीज को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है कि चेतन शर्मा ने भारतीय पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें, एक स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने भारतीय टीम और BCCI को लेकर कई खुलासे किए थे। उन्होंने कहा था कि BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली और विराट कोहली के बीच कई चीजें सही नहीं थी और इसी वजह से भारतीय बल्लेबाज को टीम के कप्तानी के पद से हटा दिया गया था।
इसी के साथ उन्होंने कई चीज को लेकर भी खुलासे किए। चेतन शर्मा ने अपनी तरफ से मुख्य चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है हालांकि बोर्ड ने अभी तक इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बता दें, पिछले काफी समय से बोर्ड ने कई बड़े नामों को सिलेक्शन पैनल में शामिल नहीं किया है। पिछले तीन मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा, सुनील जोशी और एमएसके प्रसाद रहे हैं जिन्होंने कुल मिलाकर 44 टेस्ट मुकाबले खेले हैं।
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि ज्यादा सैलरी ना होने की वजह से कई पूर्व क्रिकेटर सिलेक्शन पैनल का हिस्सा नहीं रहना चाहते हैं और इसी वजह से वो ब्रॉडकास्टर की तरह काम करना चाहते हैं। उन्होंने इसका काफी अच्छा उदाहरण भी दिया।
कोच का यही काम होता है कि टीम के साथ रहे और प्लान बनाएं: हरभजन सिंह
हरभजन सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि, ‘अगर आप वीरेंद्र सहवाग से पूछेंगे कि आपको मुख्य चयनकर्ता बनना है तो इस पोस्ट के लिए सैलरी को बढ़ाना होगा। मुझे नहीं पता कि भारत के मुख्य चयनकर्ता की क्या सैलरी है लेकिन अगर सहवाग कमेंट्री कर रहे हैं या क्रिकेट का कोई और व्यापार कर रहे हैं तो वो ज्यादा पैसा कमा रहे हैं। अगर आप वीरेंद्र सहवाग जैसे खिलाड़ी को मुख्य चयनकर्ता बनाना चाहते हैं तो आपको सैलरी बढ़ानी पड़ेगी।
अगर आप पैसा खर्च नहीं करेंगे तो आपको ऐसे ही खिलाड़ियों को मुख्य चयनकर्ता बनाना होगा जिन्होंने बस 1 साल क्रिकेट खेला है और वो कोई बड़ा नाम नहीं है। अब अगर आप राहुल द्रविड़ जैसे खिलाड़ी को कोच बनाएंगे तो आपको मुख्य चयनकर्ता भी उसी स्तर का रखना होगा। जिसकी आवाज में दम हो और जिसके वजूद में भी दम हो।’
जब हरभजन सिंह से पूछा गया कि क्या आप मुख्य चयनकर्ता की भूमिका निभाएंगे तो उन्होंने कहा, ‘क्यों नहीं?’
हरभजन ने कहा कि, ‘कोच का काम होता है टीम के साथ रहना और उसी के तहत योजना बनाना। लेकिन टीम का सिलेक्शन करना भी उतना ही जरूरी काम है। आप को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को चलना चाहिए और अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहेगा।’