हिटमैन एंड कंपनी को रवि शास्त्री की चेतावनी, कहा- ‘बुमराह के मामले में जल्दबाजी करना पड़ सकता है भारी’
रवि शास्त्री ने कहा कि, बुमराह के साथ जल्दबाजी दिखायेंगे, तो फिर आप उन्हें अगले 4 महीने के लिए फिर से गंवा देंगे।
अद्यतन - Jun 25, 2023 11:23 am

पिछले कुछ महीने से चोट के कारण टीम इंडिया से बाहर चल रहे भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर काफी संशय बना हुआ है। दरअसल ऐसा माना जा रहा था कि जस्सी वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया में वापसी कर लेंगे। हालांकि BCCI की ओर से उनकी वापसी को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बता दें जसप्रीत बुमराह पिछले साल सितंबर के बाद से एक भी मैच नहीं खेले हैं। दरअसल बुमराह को पीठ में चोट लगी थी जिसके बाद उनकी सर्जरी भी हुई थी। इस कारण से ही वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023, आईपीएल 2023 और टी20 वर्ल्ड कप 2022 का भी हिस्सा नहीं थे।
जसप्रीत की वापसी में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए- रवि शास्त्री
हालांकि इस बीच टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने जसप्रीत बुमराह की वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया ही। दरअसल उनका कहना है कि जस्सी की वापसी में जल्दबाजी करना महंगा पड़ सकता है। साथ ही उनका मानना है कि अगर उनकी वापसी में जल्दबाजी होती है तो फिर 4 महीने बाद इस खिलाड़ी को चोट के कारण खोना पड़ सकता है क्योंकि उनकी चोट फिर से उभर आएगी।
दरअसल एक मीडिया हाउस से बातचीत करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि, बुमराह टीम इंडिया के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं, लेकिन अगर आप वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए उनके साथ जल्दबाजी दिखाएंगे तो फिर आप उन्हें शाहीन अफरीदी की तरह ही अगले 4 महीने के लिए फिर से गंवा देंगे। इसलिए आपको इस बारे में काफी ध्यान से फैसला लेने की जरूरत होगी।
इसके साथ ही रवि शास्त्री ने व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने की भी बात की। दरअसल उन्होंने कहा कि, हार्दिक का शरीर टेस्ट क्रिकेट का सामना नहीं कर सकता। इसलिए विश्व कप के बाद मुझे लगता है कि उन्हें सफेद गेंद वाले क्रिकेट में कप्तानी संभालनी चाहिए। हालांकि, रोहित को विश्व कप में भारत का नेतृत्व करना चाहिए, इसमें कोई शक नहीं है।
यहां पढ़ें: ‘दुनिया को बताओ कि आप उन्हें टीम में क्यों नहीं चुन रहे’- सरफराज खान को लेकर आकाश चोपड़ा