‘रणजी में रन बनाने का कोई मतलब नहीं है, आप सिर्फ आईपीएल खेलें’- सरफराज खान को लेकर सुनील गावस्कर का बयान
सुनील गावस्कर ने कहा कि, सरफराज ने पिछले तीन साल में लगभग 100 की औसत से रन बनाए हैं।
अद्यतन - Jun 24, 2023 9:01 pm

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले महीने से टेस्ट, ODI और T20 का मुकाबला खेला जाना है। जिसे लेकर टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। बता दें इस सीरीज के लिए कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो टीम इंडिया में अपनी जगह नहीं बना पाएं हैं।
बता दें चेतेश्वर पुजारा, उमेश यादव, मोहम्मद शमी आदि खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा नहीं है। इसके साथ ही सरफराज खान को भी वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है। दरअसल डोमेस्टिक क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद ऐसी उम्मीद की जा रही थी कि वह टीम इंडिया का हिस्सा बन सकते हैं। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उनके चयन ना होने पर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सवाल उठाया है।
उन्हें टीम में जगह बनाने के लिए अब और क्या करना होगा- सुनील गावस्कर
बता दें टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने भी सरफराज खान को लेकर सवाल किए है। दरअसल उनका कहना है कि, सरफराज ने पिछले तीन साल में लगभग 100 की औसत से रन बनाए हैं। लेकिन इसके बाद भी उनको टीम में शामिल नहीं किया गया। ऐसे में उन्हें टीम में जगह बनाने के लिए अब और क्या करना होगा।
बता दें सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे के साथ बातचीत करते हुए कहा कि, सरफराज खान पिछले तीन साल से 100 की औसत से रन बना रहे हैं। ऐसे में अब उनको टीम में शामिल होने के लिए और क्या करना पड़ेगा? भले ही वह प्लेइंग इलेवन में नहीं होते, लेकिन उनको टीम में तो चुना जाना चाहिए था। उनको बताना चाहिए था कि आपके खेल और प्रदर्शन की पहचान हो रही है। नहीं तो फिर रणजी खेलना बंद करो।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, साथ ही यह कह दीजिए रणजी में रन बनाने का कोई मतलब नहीं है, आप सिर्फ आईपीएल खेलें और सोचें कि आप लाल गेंद की क्रिकेट के लिए भी एकदम तैयार हैं। बता दें भारत अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगा।