कब जीतोगे वर्ल्ड कप…?- हरभजन सिंह ने टीम इंडिया के प्लेयर्स को फटकार लगाते हुए पूछ डाला बड़ा सवाल
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया इंग्लैंड से 10 विकेट से हार गई थी।
अद्यतन - फरवरी 28, 2023 11:49 पूर्वाह्न

भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आईसीसी ट्रॉफी जीता थ। लगभग एक दशक का समय बीत चुका है और आईसीसी ट्रॉफी का सूखा टीम इंडिया और उनके फैंस के लिए जारी है। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड से 10 विकेट से हारकर टीम इंडिया बाहर हो गई थी।
इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह का मानना है कि भारत के पास प्रतिभावान खिलाड़ी हैं लेकिन टीम अक्सर बड़ी गलती कर रही है। वर्ल्ड कप ने जीत पाने पर हरभजन सिंह ने बड़ा बयान देते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ियों को जमकर लताड़ा है।
वर्ल्ड कप का दबाव बड़ा होता है- हरभजन सिंह
हरभजन सिंह के मुताबिक भारतीय टीम वर्ल्ड कप में कम अनुभवी खिलाड़ियों को लेकर जा रही है, और वे दबाव झेल नहीं पाते हैं। क्योंकि वर्ल्ड कप के प्रेशर को झेल पाना हर किसी के बस की बात नहीं होती है। इसी संदर्भ में इंडियन एक्सप्रेस पर बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा, ‘यह एक तरह का पैटर्न बन गया है। 2018-19 में हमने देखा कि टीम में काफी फेरबदल हुआ।’
भज्जी ने आगे कहा, ‘दिनेश कार्तिक खेल रहे थे, ऋषभ पंत खेल रहे थे। बड़ा मैच कैसे जीता जाए इसे लेकर अनुभव कम है। बड़े मैच हाईप्रेशर वाले होते हैं। वर्ल्ड कप का दबाव द्विपक्षीय सीरीज से अलग है। टूर्नामेंट जितना बड़ा होगा दबवा उतना ज्यादा होगा बहुत कम लोग उस तरह का दबाव ले पाते हैं।’
हमारे पास जो प्रतिभा है उससे हम जीत सकते हैं- हरभजन सिंह
विराट कोहली की कप्तानी में भारत 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल, 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल, 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेली लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाई। वहीं 2022 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची, लेकिन वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
हरभजन सिंह ने आगे बात करते हुए कहा, ‘हम कहते हैं रोहित शर्मा और विराट कोहली रन बनाएंगे तो इंडिया जीत जाएगी। लेकिन अभी हार्दिक पांड्या हैं और भी कई खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं। जो टीम को मैच जीता सकते हैं। हमारे पास जिस तरह की प्रतिभा है उस हिसाब से हम टूर्नामेंट जीत सकते हैं। लेकिन अगर आप इन खिलाड़ियों के साथ नहीं जीत पा रहे हैं तो आप कब जीतोगे?’