IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स को ट्राॅफी जिताने के लिए जी-जान लगा दूंगा: युवराज सिंह
हाल में ही डीसी मैनेजमेंट ने युवराज को सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया है।
अद्यतन - अक्टूबर 15, 2026 11:48 पूर्वाह्न

आईपीएल के आगामी सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। डीसी मैनेजमेंट ने पूर्व भारतीय खिलाड़ी व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को सहायक व बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। वह डीसी में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की अगुवाई वाले सपोर्ट स्टाफ में काम करते हुए नजर आएंगे।
तो वहीं, अब युवराज सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स टीम से बतौर कोचिंग करियर शुरू करने के बाद बड़ा बयान दिया है। युवराज ने कहा कि वह टीम को ट्राॅफी जिताने के लिए जी-जान लगा देंगे। गौरतलब है कि साल 2015 में युवराज बतौर खिलाड़ी दिल्ली के लिए खेल चुके हैं। उस सीजन टीम ने उन्हें 16 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत में खरीदा था। हालांकि, उस सीजन टीम खिताब नहीं जीत पाई थी।
युवराज सिंह ने दिया बड़ा बयान
दिल्ली कैपिटल्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, युवराज सिंह ने कहा “उन्होंने (सौरव गांगुली) मुझसे पूछा, ‘क्या तुम मेरे असिस्टेंट बनोगे?’ और मैंने कहा, ‘मैं पिछले 25 सालों से आपका असिस्टेंट ही तो रहा हूं, तो शायद मैं वही काम करता रहूंगा!'”
युवी ने आगे कहा “मैं चाहता हूं कि लड़के बेहतर क्रिकेट खेलें, दबाव में अच्छा प्रदर्शन करें और एक ऐसी टीम तैयार करें जो खुद पर भरोसा रखती हो। मैं इस फ्रेंचाइजी के लिए अपना पूरा दिल और जी-जान लगा देने आया हूं। उम्मीद है कि पूरी टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के योगदान से, हम दिल्ली कैपिटल्स को आगे ले जा सकेंगे, प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकेंगे और फिर चैंपियनशिप भी जीत सकेंगे।”
खैर, अब देखने लायक बात होगी कि दिल्ली कैपिटल्स सौरव गांगुली और युवराज सिंह के मार्गदर्शन में कैसा प्रदर्शन करने वाली है? हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स साल 2021 के बाद से प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई है।
ये भी पढ़ें – IND vs WI: भारत दौरे पर शे होप ने ठोका चौथा शतक! धोनी और एबी डिविलियर्स को पछाड़ा, तोड़े कई वर्ल्ड रिकॉर्ड