'मैं उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हूं'- IPL 2022 में फ्लॉप चल रहे विराट और रोहित पर सौरव गांगुली - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हूं’- IPL 2022 में फ्लॉप चल रहे विराट और रोहित पर सौरव गांगुली

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के मुताबिक वे इन दोनों प्लेयर्स की फॉर्म से चिंतित नहीं हैं।

Sourav Ganguly, Virat Kohli and Rohit Sharma. (Photo Source: Getty Images)
Sourav Ganguly, Virat Kohli and Rohit Sharma. (Photo Source: Getty Images)

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने आईपीएल में विराट कोहली और रोहित शर्मा के मौजूदा फॉर्म के बारे में बात की। गांगुली ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी जल्द ही शानदार वापसी करेंगे। ये दोनों प्रमुख खिलाड़ी हैं और भारतीय टीम की रीढ़ की हड्डी हैं। हालांकि, आईपीएल 2022 में उनका फॉर्म सभी के लिए चिंता का विषय का रहा है।

पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद एक बार फिर भारत को इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है। इस टूर्नामेंट के लिए फैंस टीम इंडिया से काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं और उनका मानना है कि इस टीम इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी। लेकिन कोहली और रोहित अपने पिछले कुछ आईपीएल मैचों में खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।

विराट और रोहित के प्रदर्शन को लेकर सौरव गांगुली ने दिया यह बयान

मिड-डे से बातचीत में गांगुली ने कहा कि, “मैं विराट-रोहित के फॉर्म को लेकर बिल्कुल भी चिंता नहीं कर रहा हूं। वे बहुत ही अच्छे और बड़े खिलाड़ी हैं। टी-20 वर्ल्ड कप अभी काफी दूर है और मुझे पूरा विश्वास है कि वे टूर्नामेंट से काफी पहले दोनों खिलाड़ी अपना खोया हुआ फॉर्म हासिल कर लेंगे।” आपको बता दें कि टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत में 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है।

आईपीएल 2022 में दोनों खिलाड़ियों के आंकड़ों की बात करें तो कोहली ने इस सीजन में 13 मैचों में 113.46 के स्ट्राइक रेट के साथ 19.67 की औसत से 236 रन बनाए हैं। उनके नाम केवल एक अर्धशतक है और इस सीजन वो तीन गोल्डन बार डक आउट हुए हैं। आईपीएल 2008 के बाद ये पहला मौका है जब विराट कोहली का आईपीएल में औसत 20 से कम का रहा है।

दूसरी ओर, रोहित शर्मा ने 12 मैचों में 18.17 की औसत और 125.29 की स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए हैं। भारतीय ऑल-फॉर्मेट कप्तान इस सीजन में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। पांच बार के विजेता कप्तान इस बार मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में भी नहीं ले जा सके और उनकी टीम इस सीजन प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बनी।

close whatsapp