अपनी शतकीय पारी को लेकर ऋषभ पंत ने पहले ही तैयार कर लिया था खास 'गेमप्लान' - क्रिकट्रैकर हिंदी

अपनी शतकीय पारी को लेकर ऋषभ पंत ने पहले ही तैयार कर लिया था खास ‘गेमप्लान’

मैंने इस मुकाबले में किसी भी गेंदबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया: ऋषभ पंत

Rishabh Pant. (Photo by Alex Davidson/Getty Images)
Rishabh Pant. (Photo by Alex Davidson/Getty Images)

इंग्लैंड और भारत के बीच पांचवां और आखिरी पुनर्निधारित टेस्ट मुकाबला 1 जुलाई से एजबेस्‍टन, बर्मिंघम में शुरू हो चुका है। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट खोकर 338 रन बना लिए हैं। रवींद्र जडेजा 163 गेंदों में 83 रन बनाकर नाबाद क्रीज पर डटे हुए हैं वहीं उनका साथ मोहम्मद शमी निभा रहे हैं जिन्होंने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 11 गेंद खेलने के बावजूद अपना खाता नहीं खोला था।

बता दें, भारत की शुरुआत काफी निराशाजनक रही थी। एक समय ऐसा भी था जब टीम इंडिया मात्र 98 रन पर 5 गंवा चुकी थी। लेकिन इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 222 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसी बीच ऋषभ पंत ने अपने अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर का 5वां शतक भी जड़ा।

उन्होंने इस मुकाबले में 111 गेंदों में 146 रन की आक्रमक पारी खेली थी। उन्होंने अपनी इस पारी में 20 चौके और 4 छक्के जड़े थे। पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम काफी मजबूत स्थिति में है। हालांकि उनकी यही सोच होगी कि दूसरे दिन कम से कम वह 400 रन के आंकड़े को छू पाए।

पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद ऋषभ पंत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने शतक को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि, ‘इंग्लैंड में जैसी कंडीशन है, अगर आपको पता हो कि गेंदबाज आपको एक ही जगह गेंद फेंककर परेशान कर रहा हो तो आपको उनकी गेंदबाजी को पढ़कर और समझकर उनपर आक्रमण करना चाहिए।

आप उन्हें सेट होने का मौका नहीं दे सकते हैं। कुछ गेंदों के खिलाफ आप आगे बढ़कर शॉट्स खेल सकते हैं। मैंने इस मुकाबले में यही किया। किसी भी गेंदबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। कुछ गेंदों पर मैंने आगे बढ़कर प्रहार किया, वहीं कुछ गेंदों को मैंने बैकफुट पर खेला।

मैं हमेशा अपना शत-प्रतिशत देना चाहता हूं: ऋषभ पंत

ऐसा कई बार हुआ है जब ऋषभ पंत ने टेस्ट में आक्रमक क्रिकेट खेलने के चक्कर में अपना विकेट जल्दी गंवा दिया हो। उनकी बल्लेबाजी को लेकर तमाम विशेषज्ञों ने कई तरह के सवाल उठाए हैं। हालांकि उनका मानना है कि वह हमेशा अपना शत-प्रतिशत देते हैं। उनके और जडेजा के बीच हुई 222 रन की साझेदारी के बदौलत भारत एक अच्छी स्थिति में पहुंच चुका है।

ऋषभ पंत से आगे कहा कि, ‘खिलाड़ी के रूप में मैं हमेशा अपना शत-प्रतिशत देना चाहता हूं। मैं इस बात पर हामी भरता हूं कि कभी-कभी मैं कुछ अलग हटकर शॉट्स खेलता हूं लेकिन मेरी सोच हमेशा यही रहती है कि अपना काम पूरी ईमानदारी से करूं और भारत को जीत दिलाऊं।’

close whatsapp