UK के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक हुए बेन स्टोक्स की कप्तानी के फैन, जमकर की प्रशंसा - क्रिकट्रैकर हिंदी

UK के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक हुए बेन स्टोक्स की कप्तानी के फैन, जमकर की प्रशंसा

ऋषि सुनक के मुताबिक बेन स्टोक्स ने अपनी टीम को काफी प्रोत्साहित किया है और इसी वजह से इंग्लैंड टेस्ट टीम ने पिछले 12 महीने में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

Ben Stokes and Rishi Sunak (Pic Source-Twitter)
Ben Stokes and Rishi Sunak (Pic Source-Twitter)

इस समय लंदन के द लॉर्ड्स में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज 2023 का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एजबेस्टन में इंग्लैंड को 2 विकेट से करारी शिकस्त दी थी और इस समय कंगारू टीम 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से आगे है।

UK के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक भी क्रिकेट के फैन है और उन्होंने इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की कप्तानी की जमकर प्रशंसा की। ऋषि सुनक के मुताबिक बेन स्टोक्स ने अपनी टीम को काफी प्रोत्साहित किया है और इसी वजह से इंग्लैंड टेस्ट टीम ने पिछले 12 महीने में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

ऋषि सुनक ने BBC टेस्ट मैच स्पेशल में कहा कि, ‘बेन स्टोक्स काफी अच्छे और प्रोत्साहित लीडर हैं जिनके रहने से टीम को काफी प्रोत्साहन मिलता है और इसका उदाहरण हम लोग फील्ड में देख सकते हैं। मुझे यह नहीं पता है कि पर्दे के पीछे क्या हो रहा है लेकिन बेन स्टोक्स ने अपनी टीम के प्रति भरोसा जताया है और सभी को एक दूसरे से काफी उम्मीद है।’

एशेज से पहले बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने 13 में से 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है

ऋषि सुनक ने आगे कहा कि, ‘ पिछले साल काफी अच्छा क्रिकेट खेला गया था। आप उस क्रिकेट से प्यार कैसे नहीं कर सकते हैं? आंकड़े खुद इसके बारे में बताते हैं। टीम ने जिस तरीके का प्रदर्शन किया है उसके लिए आपको उनकी जमकर प्रशंसा करनी चाहिए। सभी खिलाड़ियों ने पिछले साल काफी जबरदस्त प्रदर्शन किया था और बेन स्टोक्स की कप्तानी में टीम ने महत्वपूर्ण मैचों में जीत दर्ज की थी।’

एशेज 2023 से पहले इंग्लैंड ने बेन स्टोक्स की कप्तानी में 13 मुकाबलों में से 11 में जीत दर्ज की थी। फिलहाल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल शुरू हो चुका है। दोनों ही टीमें इस टेस्ट को जीतने के लिए पूरी कोशिश करेगी।

close whatsapp