“पिच से बहुत अधिक स्पिन मिल रही थी”- सहायक कोच अभिषेक नायर ने पिच पर फोड़ा हार का ठीकरा
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत को मिली 32 रनों से हार।
अद्यतन - अगस्त 5, 2024 4:44 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज में अब तक दो वनडे मैच खेले जा चुके हैं। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ, तो वहीं दूसरे मैच में भारत को 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों ही मुकाबलों में भारतीय पारी अच्छी शुरुआत मिलने के बाद लड़खड़ाई है।
दूसरे वनडे में श्रीलंकाई लेग स्पिनर जेफ्री वेंडरसे ने छह विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया था। उनके इस मैच विनिंग गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
वहीं टीम इंडिया की हार के बाद सहायक कोच अभिषेक नायर ने कोलंबो के आर प्रेमादास स्टेडियम की पिच पर हार का ठीकरा फोड़ा है। नायर का कहना है कि विकेट काफी स्पिन ले रहा था और ऐसे में मैच किसी भी तरफ पलट सकता था।
अभिषेक नायर ने पिच पर फोड़ा हार का ठीकरा
मैच के बाद अभिषेक नायर ने कहा, यह आश्चर्यजनक था लेकिन आप जानते हैं कि इस तरह की परिस्थितियों में मैच का पासा किसी भी तरह पलट सकता था, क्योंकि पिच से बहुत अधिक स्पिन मिल रही थी। अगर आप पहले मैच पर भी गौर करें तो नई गेंद से रन बनाना थोड़ा आसान था। लेकिन गेंद के पुरानी पड़ जाने के बाद बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। खासकर जब आप बाद में बल्लेबाजी कर रहे हों। कुछ अवसरों पर मुश्किल परिस्थितियों में विशेष कर 50 ओवर के प्रारूप में ऐसा होता है।
भारत के सहायक कोच ने आगे कहा कि टीम प्रबंधन उन चीजों पर ध्यान देगी जो अभी तक टीम के अनुकूल नहीं रही हैं। उन्होंने कहा, हमें उन चीजों पर गौर करना होगा जिन पर सुधार करने की जरूरत है। हमें इस पर विचार करना होगा कि लगातार दूसरे मैच में ऐसा क्यों हुआ। पहले मैच में हम कुछ हद तक साझेदारियां निभाने में सफल रहे थे, लेकिन इस मैच में हमने लगातार विकेट गंवाए।
नायर ने कहा, मेरा मानना है कि खेल में बल्लेबाजी पोजीशन तभी मायने रखती है जब आप मैच के विभिन्न चरणों में खेल रहे हैं। हमने बीच के ओवरों में विकेट गंवाए और तब मध्यक्रम के बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहे होते हैं। मेरा मानना था कि ऐसा करना सही था और जब यह नहीं चल पाता है तो अक्सर सवाल उठाए जाते हैं।