राहुल त्रिपाठी की आक्रामक अप्रोच से प्रभावित गौतम गंभीर ने बताया बल्लेबाज से राजकोट में कहां हुई चूक
राहुल त्रिपाठी ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20I में मात्र 16 गेंदों पर 35 रन बनाए थे।
अद्यतन - जनवरी 8, 2023 4:11 अपराह्न

राहुल त्रिपाठी ने 7 जनवरी को राजकोट में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम T20I में ईशान किशन के एक रन बनाकर आउट होने के बाद मात्र 16 गेंदों पर 35 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई थी।
जिसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाकर टीम इंडिया को श्रीलंका के आगे जीत के लिए 229 रनों का विशाल लक्ष्य रखने में मदद की। अंत में भारत ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 137 रनों पर समेट कर यह निर्णायक मुकाबला 91 रनों से जीता, और साथ ही तीन मैचों की T20I सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
इस भारत बनाम श्रीलंका मैच के बाद भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने राहुल त्रिपाठी की आक्रामक बल्लेबाजी के लिए तारीफ करते हुए कहा कि वह किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करे या फिर किसी भी टीम के लिए खेले, उनकी आक्रामक अप्रोच में कोई बदलाव नहीं आता।
गौतम गंभीर ने राहुल त्रिपाठी की आक्रामक अप्रोच की सराहना की
गौतम गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा: ‘राहुल त्रिपाठी एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी और घरेलू टीम के लिए हर नंबर पर बल्लेबाजी की है। वह ओपनिंग कर सकता है, नंबर 3 पर या मध्य क्रम, कहीं भी खेल सकता है, लेकिन उनकी अप्रोच में कोई बदलाव नहीं आता चाहे फिर वह नई गेंद के खिलाफ खेले या फिर मध्य क्रम में, उनकी अप्रोच सामान ही रहती है। आप उनके जैसे खिलाड़ी को खेलते हुए देखना चाहते हैं।’
हालांकि, पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज का मानना है कि महाराष्ट्र के बल्लेबाज जिस तरह से श्रीलंका के खिलाफ तीसरे T20I में आउट हुए, वह उससे थोड़ा निराश होंगे। दरअसल, राहुल त्रिपाठी चमिका करुणारत्ने द्वारा अतिरिक्त उछाल के साथ थोड़ी शार्ट और बाहर की ओर फेंकी गई गेंद के साथ अपने बल्ले का समय मैच नहीं कर पाए, और शार्ट थर्ड मैन पर तैनात दिलशान मधुशंका ने गोता लगाते हुए उनका कैच लपक लिया। राहुल को 16 गेंदों में 35 रन (5 चौकें और 2 छक्के) बनाकर संतुष्ट होना पड़ा।
गौतम गंभीर ने आगे कहा: ‘चमिका करुणारत्ने ने ज्यादा खराब गेंदें नहीं फेंकी, लेकिन राहुल त्रिपाठी के टैलेंट के कारण वह इतने महंगे साबित हुए। लेकिन जिस तरह से त्रिपाठी ने अपना विकेट गंवाया, वह उससे निश्चित ही निराश होंगे। अगर त्रिपाठी ने गेंद को जोर से स्लैश किया होता, तो वह थर्ड मैन के ऊपर जा सकती थी, लेकिन उसने गेंद को ऐसे हिट किया, जैसे आप स्लिप में कैच देते हैं।’